UP के 62 जिलों में 2100 नलकूपो के निर्माण प्रोजेक्ट को मिलेगी गति, जानें क्या है योगी सरकार की योजना
UP News: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने लोगों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और सिंचाई संबंधी परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास शुरू किए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश में जलशोधन और सिंचाई परियोजनाओं के लंबित कार्यों को पूरा करने के निर्देश सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को दिए गए हैं।
इन निर्देशों को विस्तृत कार्ययोजना का रूप दिया गया है जिसके क्रियान्वयन के लिए सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने कई स्तरों पर प्रयास शुरू कर दिये हैं। इसी कड़ी में यूपी के 62 जिलों में लंबित 2100 नलकूपों के निर्माण परियोजनाओं के काम में तेजी लाने के लिए वर्ष 2023-24 में तीसरी किश्त के रूप में 244.19 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है।

मालूम हो कि इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 841.98 करोड़ रुपये है और मौजूदा निधि आवंटन वित्तीय अनुमोदन के बाद नाबार्ड वित्त पोषित इस परियोजना के तहत प्रावधानित 410 करोड़ रुपये की तीसरी किश्त के रूप में जारी किया गया है। इसके अलावा बांदा, सुल्तानपुर, जौनपुर, मेरठ और भदोही समेत प्रदेश के कई इलाकों में नलकूपों के आधुनिकीकरण के लिए 7.16 करोड़ रुपये खर्च कर मरम्मत कार्यों में तेजी लाने की कार्रवाई भी की गई है।
जारी निर्देश में कार्यों को पूरा कराने की जिम्मेदारी सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता एवं विभागाध्यक्ष को सौंपी गई है। वह यह सुनिश्चित करेंगे कि परियोजना के तहत जारी धनराशि का उपयोग किसी अन्य उद्देश्य के लिए नहीं किया जाए और सभी नलकूपों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य उच्च गुणवत्ता एवं स्थापित मानकों के अनुरूप हो।
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग राज्य के दक्षिणी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में 100 से अधिक सरकारी नलकूपों की जल वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाने और जर्जर विद्युत उपकरणों को बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। परियोजना के लिए 2.99 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें से पहली किस्त के रूप में 1.49 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications