सीएम केजरीवाल को पसंद आई सीएम KCR की 'आंख और चश्मे' वाली योजना, दिल्ली में करेंगे लागू
केजरीवाल ने कहा, 'केसीआर ने बहुत शानदार कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। तेलंगाना के सभी 4 करोड़ लोगों के आंखों की जांच कराई जाएगी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को तेलंगाना के खम्मम में आयोजित बीआरएस की रैली में हिस्सा लिया। तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव, यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव और लेफ्ट नेताओं के साथ मंच साझा करते हुए उन्होंने 2024 में केंद्र की सरकार बदलने की अपील की। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि केसीआर की ओर से लॉन्च की गईं दो योजनाएं उन्हें पसंद आई हैं और इन्हें वह दिल्ली में भी लागू करने जा रहे हैं।
इसमें से एक योजना के तहत दिल्ली के सभी लोगों की आंखों की जांच कराई जाएगी। टेस्ट के आधार पर मुफ्त चश्मे और सर्जरी की व्यवस्था की जाएगी तो जनता की सहूलियत के लिए सरकारी दफ्तरों को एक ही इमारत में लाया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि वह दोनों योजना को दिल्ली में लागू करेंगे तो भगवंत मान पंजाब में ऐसा करेंगे।
केजरीवाल ने कहा, 'केसीआर ने बहुत शानदार कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। तेलंगाना के सभी 4 करोड़ लोगों के आंखों की जांच कराई जाएगी। जिसकी आंखों में कमी मिलेगी, उसे मुफ्त में दवा दी जाएगी। जिसे चश्मे की जरूरत होगी, उसे मुफ्त चश्मा दिया जाएगा। मुफ्त में ऑपरेशन भी किया जाएगा। आज हम लोग यहां से सीखकर जा रहे हैं। मैंने पूरा कार्यक्रम देखा है। बहुत शानदार प्लानिंग की गई है। मैं इस कार्यक्रम को दिल्ली में भी लागू करूंगा। भगवंत मान साहब ने ऐलान किया है कि पंजाब में भी इसे लागू किया जाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications