Avengers Doomsday Advance Booking: रिलीज से 30 दिन पहले ही 'एवेंजर्स:डूम्सडे' की धुआंधार कमाई, बिके कितने टिकट

Avengers Doomsday Advance Booking: मार्वल स्टूडियोज की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एवेंजर्स: डूम्सडे' को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। भारत में भी इस फिल्म का इंतजार कर रहे दर्शकों ने एडवांस बुकिंग शुरू होते ही टिकट खरीदने शुरू कर दिए हैं। हैरानी की बात ये है कि फिल्म की रिलीज में अभी करीब 30 दिन बाकी हैं लेकिन इसकी प्री-सेल ने पहले ही दिन करोड़ों रुपये का कारोबार कर लिया है। इतना ही नहीं, शुरुआती एडवांस बुकिंग के मामले में इसने मार्वल की कई पुरानी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है। आइए जानते हैं 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की प्री-सेल रिपोर्ट और इसके टिकटों की कीमत से जुड़ी दिलचस्प बातें।

पहले ही दिन 'एवेंजर्स: डूम्सडे' ने कमाए 10 करोड़ रुपये
'एवेंजर्स: डूम्सडे' की भारत में एडवांस बुकिंग शुरू होते ही सिनेमाघरों में टिकटों की मांग बढ़ गई है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने प्री-सेल के पहले ही दिन करीब 10 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। खास बात ये है कि बुकिंग शुरू होने के महज 19 घंटों के भीतर पीवीआर आईनॉक्स और सिनेपोलिस जैसी बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन में इसके लगभग एक लाख टिकट बिक चुके हैं।

Avengers Doomsday Advance Booking

हॉलीवुड सुपरहीरो फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह

फिल्म की रिलीज में अभी लगभग एक महीने का समय बाकी है। ऐसे में शुरुआती आंकड़े बता रहे हैं कि भारतीय दर्शकों के बीच इस हॉलीवुड सुपरहीरो फिल्म को लेकर काफी उत्साह है। आने वाले दिनों में इसकी एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में और इजाफा होने की उम्मीद है।

'एवेंजर्स: एंडगेम' समेत इन फिल्मों को छोड़ा पीछे

-'एवेंजर्स: डूम्सडे' की सबसे बड़ी उपलब्धि ये है कि इसने पहले ही दिन की प्री-सेल में मार्वल की पिछली कई लोकप्रिय फिल्मों के शुरुआती एडवांस कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। सामने आए आंकड़ों के मुताबिक 'एवेंजर्स: एंडगेम' ने अपने पहले 24 घंटों की एडवांस बुकिंग में करीब 8.27 करोड़ रुपये जुटाए थे।

-वहीं 'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' का आंकड़ा लगभग 6.56 करोड़ रुपये और 'एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर' का करीब 5.02 करोड़ रुपये रहा था। इस तुलना में 'डूम्सडे' ने करीब 10 करोड़ रुपये की प्री-सेल के साथ शानदार शुरुआत की है। हालांकि यहां एक बात ध्यान देने वाली है कि इस बार टिकटों की बिक्री रिलीज से लगभग 30 दिन पहले शुरू कर दी गई है जबकि पिछली फिल्मों की एडवांस बुकिंग आमतौर पर रिलीज से करीब एक सप्ताह पहले शुरू होती थी।

क्या 'एवेंजर्स: डूम्सडे' तोड़ पाएगी 'एंडगेम' का रिकॉर्ड?

-भारत में मार्वल की फिल्मों की बात हो और 'एवेंजर्स: एंडगेम' का जिक्र न हो, ऐसा मुश्किल है। साल 2019 में रिलीज हुई इस फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया था। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज से पहले बुकमायशो पर शुरुआती 24 घंटों में ही इसके 10 लाख से ज्यादा टिकट बिक गए थे।

-अब 'एवेंजर्स: डूम्सडे' के सामने भी इसी रिकॉर्ड को पार करने की चुनौती है। फिलहाल इसकी प्री-सेल ने शानदार शुरुआत जरूर की है लेकिन 'एंडगेम' के एक मिलियन टिकटों का आंकड़ा छूने के लिए इसे अभी लंबा सफर तय करना होगा। इस बार एडवांस बुकिंग के लिए दर्शकों को काफी लंबा समय मिल रहा है, इसलिए फिल्म की रिलीज तक टिकटों की बिक्री कहां पहुंचती है, ये देखना दिलचस्प होगा।

4,200 रुपये तक पहुंची एक टिकट की कीमत

-फिल्म के टिकटों की कीमत भी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। नवी मुंबई के नेरुल स्थित सिनेपोलिस सीवुड्स में 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की एक खास 4DX 3D स्क्रीनिंग के लिए टिकट की कीमत करीब 4,200 रुपये रखी गई है।

-ये स्क्रीनिंग ओपनिंग डे पर आधी रात के तुरंत बाद रखी गई है। वहीं बुकिंग चार्ज जोड़ने के बाद टिकट का कुल भुगतान लगभग 4,300 रुपये तक पहुंच रहा है। इतनी महंगी टिकटों के बावजूद फिल्म की प्री-सेल पर खास असर पड़ता नजर नहीं आ रहा है।

-दिलचस्प बात ये है कि इन प्रीमियम टिकटों की कीमत हाल में चर्चा में रही 'रामायण', 'ओपेनहाइमर' और 'धुरंधर: द रिवेंज' जैसी फिल्मों की महंगी टिकटों से भी ज्यादा बताई जा रही है। इससे साफ है कि मार्वल के कट्टर प्रशंसक फिल्म को बड़े पर्दे पर खास अनुभव के साथ देखने के लिए अच्छी-खासी रकम खर्च करने को तैयार हैं।

भारत में कब रिलीज होगी 'एवेंजर्स: डूम्सडे'?

-'एवेंजर्स: डूम्सडे' भारत में 17 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। एंथनी रूसो और जो रूसो के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर एक नए अंदाज में नजर आएंगे। अभिनेता इस बार मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में विलेन डॉक्टर डूम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। इसमें क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, एंथनी मैकी और फ्लोरेंस प्यू जैसे बड़े कलाकार नजर आएंगे।

-अब देखना होगा कि पहले दिन एडवांस बुकिंग में शानदार प्रदर्शन करने वाली यह फिल्म रिलीज के बाद भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कितने नए रिकॉर्ड बनाती है और क्या यह 'एवेंजर्स: एंडगेम' की बादशाहत को चुनौती दे पाती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+