सीएम बघेल ने केंद्र सरकार पर कसा तंज, कहा- क्या NPS योजना में जमा धन अदानी समूह में निवेश किया गया?
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक रिपोर्ट पर शेयर बाजार ताश के पत्त्ते की तरह ढह गया। मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि वैसे भी कोई शीर्ष पर होता है तो वह तेजी से गिरता है।

हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा है। रायपुर में मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि कर्मचारियों की पेंशन का पैसा तो अदानी समूह में निवेश तो नहीं किया गया है? मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि अदानी समूह को यूटीआइ, एसबीआइ और एलआइसी का पैसा दिया गया। कर्मचारियोें की पेंशन योजना को पैसा भी इसी में निवेश किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक रिपोर्ट पर शेयर बाजार ताश के पत्त्ते की तरह ढह गया। मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि वैसे भी कोई शीर्ष पर होता है तो वह तेजी से गिरता है। छत्त्तीसगढ़ सरकार ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने के लिए केंद्र सरकार ने कर्मचारियोें का जमा 17 हजार करोड़ की मांग की थी। केंद्र सरकार ने इसे नहीं दिया, इसलिए यह शंका बलवती हो रही है कि कहीं इस राशि को अदानी समूह को तो नहीं दिया गया। हालांकि अदानी समूह ने सभी आरोपों से इनकार किया है और रिपोर्ट को दुर्भावनापूर्ण, झूठ से भरा और भारत पर सुनियोजित हमला कहा है।
क्या अदानी भारत हो गए हैंः मुख्यमंत्री बघेल
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि भाजपा के खिलाफ बोलो तो हिन्दु विरोधी, पीएम मोदी के खिलाफ बोलो तो राष्ट्रद्रोही और अब अदानी के खिलाफ कोई रिपोर्ट आ रही है, तो वह भारत पर सुनियोजित हमला हो गया। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि भारत कौन है? क्या अदानी भारत हो गए हैं? एलआइसी, एसबीआइ और यूटीआइ फंड मैनेजर हैं। अब जब पूरा शेयर बाजार गिर गया, तब भी एलआइसी ने पैसा लगाया और शेयर खरीदे। केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि आर्थिक विशेषज्ञों को भी वर्तमान स्थिति पर बोलना चाहिए।
घोटाले पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार: कांग्रेस
कांग्रेस ने मांग किया कि हिंडनबर्ग रिपोर्ट और अदानी समूह के मामले में केंद्र सरकार श्वेत पत्र जारी करे। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि इस घोटाले की सेबी और ईडी से जांच कराई जाए। शुक्ला ने पूछा कि क्या ईडी की स्थापना सिर्फ भाजपा के राजनीतिक विरोधियो के खिलाफ षडयंत्र करने के लिए की गई है? अदानी समूह की धोखाधड़ी से देश शर्मसार हुआ है और भारत की छवि दुनिया के सामने गिरी है। अदानी समूह की प्रधानमंत्री मोदी से निकटता किसी से छिपी नहीं है। यदि ये समूह कोई धोखा कर रहा तो प्रधानमंत्री को देश की जनता को इसका जवाब देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications