केंद्र से हरियाणा को मिला आठ नए प्रोजेक्ट्स का तोहफा: दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति का रास्ता सड़क मार्ग और रेल मार्ग से होकर गुजरता है और प्रदेश सरकार इन दोनों ही मार्गों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए कृतसंकल्प है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने नेशनल कैपिटल रीजन प्लानिंग बोर्ड (एनसीआरपीबी) की नई दिल्ली में हुई बैठक में हरियाणा को करीब 461 करोड़ रुपए के आठ नए प्रोजेक्ट्स का तोहफा दिया है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स से प्रदेश में विकास का पहिया और तेज गति से घुमेगा।

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बताया कि दिल्ली में एनसीआर प्लानिंग बोर्ड के प्रोजेक्ट सेंक्शनिंग एंड मॉनिटरिंग ग्रुप-1 की 63वीं बैठक हुई है, जिसमें हरियाणा के लिए आठ नए प्रोजेक्ट्स को स्वीकृति दी गई है, इन पर कुल 461.116 करोड़ रुपए की लागत आएगी। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।
डिप्टी सीएम, जिनके पास पीडब्ल्यूडी विभाग का प्रभार भी है, ने नए प्रोजेक्ट्स की जानकारी देते हुए बताया कि इन आठ प्रोजेक्ट्स में चार बड़े राजमार्गों का मजबूतीकरण, दो नए फ्लाईओवर और 2 नए रेलवे ओवर ब्रिज शामिल हैं।
दुष्यंत चौटाला ने आगे बताया कि महम से कलानौर और आगे बेरी गांव तक सड़क को मजबूत किया जाएगा जिस पर लगभग 51.62 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसी तरह झज्जर से कोसली रोड के मजबूतीकरण पर 60.89 करोड़ रुपए, मेवात-पलवल रोड के सुधारीकरण पर 137.57 करोड़ रुपए और रोहतक-खरखौदा-दिल्ली बॉर्डर रोड के मजबूतीकरण पर 19.46 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने यह भी बताया कि रोहतक में ओल्ड एनएच-71ए पर सुखपुरा चौक पर नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिस पर 65.88 करोड़ रुपए की लागत आएगी। इसी तरह, पानीपत में पानीपत-सफीदों-जींद-भिवानी रोड पर कैरियर लाइन्ड चैनल के साथ-साथ नए फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, इस फ्लाईओवर पर 26.47 करोड़ रुपए खर्च होंगे। डिप्टी सीएम ने आगे बताया कि पानीपत में जींद-पानीपत रेलवे सेंक्शन पर 73.24 करोड़ रुपए की लागत से नया रेलवे ओवरब्रिज बनाया जाएगा।
इसके अलावा, पानीपत जिला में वर्तमान रेलवे ओवरब्रिज के साथ-साथ पानीपत जीटी रोड से डाहर की ओर एक नया फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों की सुविधा के लिए आवश्यकता के अनुसार सड़क मार्ग को चौड़ा और मजबूत कर रही है। जहां पर फ्लाईओवर या रेलवे ओवरब्रिज की जरुरत महसूस होगी, वहां पर प्राथमिकता से बनाए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications