हरियाणा उपचुनाव में AAP प्रत्याशी की जमानत जब्त
हिसार। छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे लगभग आ चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन पहले के मुकाबले बेहतर हुआ है, वहीं कांग्रेस काफी कमजोर दिखी है। सबसे बड़ा झटका आम आदमी पार्टी को लगा है। पंजाब में जीत के बाद आम आदमी पार्टी में काफी उत्साह देखने को मिला था। पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल लगातार अन्य राज्यों में पार्टी को मजबूत बनाने में जुटे हैं, लेकिन उनके गृहराज्य हरियाणा में ही आप प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई।

हरियाणा जिले के आदमपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी भव्य बिश्नोई ने जीत हासिल की है। ये सीट भव्य के पिता कुलदीप बिश्नोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। कुलदीप कांग्रेस से विधायक थे। बाद में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उपचुनाव में इस सीट से भाजपा ने कुलदीप के बेटे भव्य बिश्नोई को उम्मीदवार बनाया था। 29 साल के भव्य के पास 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। इनमें आठ करोड़ रुपये की चल और दो करोड़ रुपये से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। भव्य ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है।
उपचुनाव में कुल 22 प्रत्याशी मैदान में थे। आम आदमी पार्टी की तरफ से सतिंदर सिंह को प्रत्याशी बनाया गया था। सतिंदर को महज 3,420 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। भाजपा के भव्य बिश्नोई को सबसे ज्यादा 67,492 और कांग्रेस के जय प्रकाश को 51,752 वोट मिले। तीसरे नंबर पर इंडियन नेशनल लोक दल के कुर्दा राम नंबरदार रहे। नंबरदार को 5,248 वोट मिले।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का जन्म हरियाणा के हिसार जिले में हुआ है। 54 साल के केजरीवाल का ज्यादातर बचपन हिसार, गाजियाबाद और सोनीपत में ही बीता है। पिता गोविंद राम केजरीवाल इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे, जबकि मां गीता देवी गृहिणी। अरविंद केजरीवाल ने आईआईटी खड़गपुर से बीटेक किया। 1985 में आईआईटी जेईई परीक्षा में उन्हें 563 रैंक मिली थी।
इसे समझने के लिए हमने वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद कुमार सिंह से बात की। उन्होंने कहा, 'चुनाव से ठीक पहले आए नतीजों का हर पार्टी फायदा उठाने की कोशिश करती है। सात राज्यों की छह सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को बढ़त मिली है। ऐसे में भाजपा इन नतीजों का फायदा गुजरात, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली एमसीडी में उठाने की कोशिश करेगी। भाजपा नेता इन परिणामों के जरिए तीनों राज्यों में ये बताने की कोशिश करेंगे कि जनता का विश्वास उनकी पार्टी में बढ़ रहा है।'
प्रमोद आगे कहते हैं, 'भाजपा आम आदमी पार्टी के परिणाम का भी गुजरात, हिमाचल और दिल्ली एमसीडी में प्रचार करेगी। उनकी पार्टी के प्रत्याशी की जमानत केजरीवाल के गृह राज्य में जब्त हो गई।' प्रमोद इसके लिए उदाहरण भी पेश करते हैं। कहते हैं, 'आम आदमी पार्टी की परफॉरमेंस का प्रचार अभी से भाजपा ने शुरू कर दिया है। भाजपा युवा मोर्चा के नेता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने आदमपुर सीट का परिणाम ट्विट किया है। अरविंद केजरीवाल की पार्टी का मजाक बनाते हुए लिखा, 'अरविंद केजरीवाल ने बनाया विश्व रिकॉर्ड। नीचे से नंबर वन आने वाली बनी पहली अंतरराष्ट्रीय पार्टी।'












Click it and Unblock the Notifications