CM भगवंत मान गांधी जयंती पर करेंगे स्पेशल वार्ड का उद्घाटन, बोले- पूरे पंजाब में बनाएंगे ऐसे अस्पताल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल एक बार फिर पंजाब का दौरा करने वाले हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 2 अक्टूबर को पटियाला का दौरा करेंगे। जानकारी के मुताबिक, सीएम केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान इस दौरान पंजाब के लोगों को बड़ा गिफ्ट देने वाले हैं।
दोनों मुख्यमंत्रियों अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती पर पटियाला के माता कौशल्या अस्पताल में नए विशेष जिलास्तरीय वार्ड का उद्घाटन करेंगे। इस वार्ड को बेहद आधुनिक तकनीक से बनाया गया है। इस वार्ड का उद्घाटन कर वे पटियाला के लोगों को सौंप देंगे।

बता दें कि माता कौशल्या अस्पताल में बने नए विशेष वार्ड में नवीनतम तकनीक वाली परीक्षण मशीनें और अन्य स्वास्थ्य उपकरण स्थापित किए गए हैं। यहां सभी प्रकार की जांच एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार पूरे पंजाब में ऐसे अस्पताल बनाने की योजना बना रही है।
पटियाला के न्यू अपोलो ग्राउंड में पार्टी की रैली को भी संबोधित करेंगे सीएम केजरीवाल और मान
शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय से एक बयान में आम आदमी पार्टी पंजाब के वरिष्ठ नेता और मंडी बोर्ड के अध्यक्ष हरचंद सिंह बर्स्ट ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल के नये वार्ड के उद्घाटन के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान पटियाला के न्यू अपोलो ग्राउंड में पार्टी की रैली को भी संबोधित करेंगे।
वहीं, दूसरी तरफ आज ही पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पंजाब के सभी अस्पतालों में रोगी सुविधा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी ऑपरेशन सेंटरों को मॉड्यूलर बनाया जाएगा। सभी वार्डों को एसी से लैस किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 'पशु आहार प्लांट से औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा', CM मान बोले- पंजाब को रंगला बनाने की प्रक्रिया तेज












Click it and Unblock the Notifications