आंध्र प्रदेश: महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक, 5 जनवरी को प्रकाशित की जाएगी अंतिम मतदाता सूची
आंध्र प्रदेश में पुरुष मतदाताओं के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या 2,03,85,851 (2 करोड़ 3 लाख 85 हजार 8 सौ 51) है। वहीं, पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,98,31,791 (1 करोड़ 98 लाख 31 हजार 7 सौ 91) है।
भारत के चुनाव आयोग द्वारा प्रकाशित मतदाता सूची के मसौदे के तहत यह जानकारी सामने आई है। सर्विस वोटरों की संख्या 68158 है और थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 3808 है। कुल मिलाकर आंध्र प्रदेश में मतदाताओं की संख्या 4.02 करोड़ है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मुकेश कुमार मीना ने जिलेवार और प्रमुख आंकड़ों के साथ मतदाता सूची का मसौदा जारी करते हुए बताया कि मसौदा नामावलियों पर दावे और आपत्तियां 9 दिसंबर तक प्राप्त की जाएंगी और अंतिम मतदाता सूची 5 जनवरी को प्रकाशित की जाएगी।
सभी 26 जिलों में कुल मतदाताओं की संख्या जारी की गई है। अनंतपुर 19,79,775 मतदाताओं के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद कुरनूल (19,72,930), विशाखापत्तनम (19,19,342) और नेल्लोर (19,11,432) हैं। हालांकि, अल्लूरी सीतारमा राजू जिला 7,40,857 मतदाताओं के साथ तालिका में सबसे नीचे रहा।
दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि के दौरान 4 और 5 नवंबर और 2 और 3 दिसंबर (शनिवार और रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। सीईओ ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र के बीएलओ साथ में उपलब्ध रहेंगे। इन विशेष अभियान दिवसों पर राजनीतिक दलों द्वारा संबंधित मतदान केन्द्रों पर बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किये जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications