दिन के अनुसार तिलक लगाने से मिलते हैं लाभ
नई दिल्ली। सनातन धर्म में तिलक लगाना अनिवार्य बताया गया है। प्रत्येक हिंदू को मस्तक पर तिलक अवश्य लगाना चाहिए। तिलक लगाने का केवल धार्मिक नहीं, बल्कि वैज्ञानिक कारण भी है। मस्तक पर दोनों भौहों के मध्य में आज्ञा चक्र होता है। यहां प्रतिदिन तिलक लगाने से चक्र का स्पर्श होता है, जिससे यह जागृत होता है और इससे बौद्धिक क्षमता में वृद्धि होती है। एकाग्रता बढ़ती है। तिलक को दिन के अनुसार भी लगाया जाता है।
आइए जानते हैं किस दिन कैसा तिलक लगाने से क्या लाभ मिलते हैं...

- सोमवार: सोमवार भगवान शिव और चंद्रमा का दिन होता है। इस दिन का स्वामी ग्रह चंद्रमा है। चंद्रमा मन का कारक ग्रह है। मन को नियंत्रित रखकर मस्तिष्क को शीतल और शांत बनाए रखने के लिए इस दिन सफेद चंदन का तिलक लगाना चाहिए। सोमवार को विभूति या भस्म का तिलक करने से शिव की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
- मंगलवार: मंगलवार हनुमानजी का दिन है। इस दिन का स्वामी ग्रह मंगल है। मंगल लाल रंग का प्रतिनिधित्व करता है। इस दिन लाल चंदन या चमेली के तेल में घुले हुए सिंदूर का तिलक लगाने से ऊर्जा और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। इससे मन की उदासी और निराशा हट जाती है और दिन शुभ बनता है। लाल चंदन का तिलक शरीर में रक्त संचरण भी ठीक रखता है।
- बुधवार: बुधवार भगवान गणेश और मां दुर्गा का दिन होता है। इस दिन का ग्रह स्वामी है बुध। इस दिन सूखे सिंदूर (जिसमें कोई तेल न मिला हो) का तिलक लगाना चाहिए। इस तिलक से बौद्धिक क्षमता तेज होती है और दिन शुभ रहता है।
- गुरुवार: गुरुवार देवताओं के गुरु बृहस्पति का दिन होता है। यह दिन भगवान दत्तात्रेय का दिन भी होता है। इस दिन के खास देवता हैं ब्रह्मा। इस दिन का स्वामी ग्रह है बृहस्पति ग्रह। गुरु को पीला या सफेद मिश्रित पीला रंग प्रिय है। इस दिन सफेद चंदन की लकड़ी को पत्थर पर घिसकर उसमें केसर मिलाकर तिलक लगाना चाहिए। हल्दी या गोरोचन का तिलक भी लगा सकते हैं। इससे मन में पवित्र और सकारात्मक विचार तथा अच्छे भावों का उद्भव होगा जिससे दिन भी शुभ रहेगा और आर्थिक परेशानी का हल भी निकलेगा।
- शुक्रवार: शुक्रवार का दिन भगवान विष्णु की पत्नी लक्ष्मीजी का रहता है। इस दिन का ग्रह स्वामी शुक्र ग्रह है। इस दिन लाल चंदन लगाने से जहां तनाव दूर रहता है वहीं इससे भौतिक सुख-सुविधाओं में भी वृद्धि होती है। इस दिन सिंदूर भी लगा सकते हैं।
- शनिवार: शनिवार भैरव, शनि और यमराज का दिन होता है। इस दिन के ग्रह स्वामी हैं शनि ग्रह। शनिवार के दिन विभूत, भस्म या लाल चंदन लगाना चाहिए, जिससे भैरव प्रसन्न रहते हैं और किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होने देते। दिन शुभ रहता है।
- रविवार: रविवार भगवान विष्णु और सूर्य का दिन है। इस दिन के ग्रह स्वामी हैं सूर्य ग्रह जो ग्रहों के राजा हैं। इस दिन लाल चंदन या हरि चंदन लगाएं। भगवान विष्णु की कृपा रहने से जहां मान-सम्मान बढ़ता है वहीं निर्भयता आती है। भौतिक सुख, ऐश्वर्य प्राप्त होता है।












Click it and Unblock the Notifications