विश्व शांति का संदेश देंगे भारत-पाक के बच्चे

चार दिन के इस बाल पर्व का आयोजन रेयान फाउंडेशन, राष्ट्रीय बाल भवन और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। इस आयोजन के अंतर्गत एक बस चलाई जाएगी, जिसे दुनिया भर के बच्चे खुद पेंट करके शांति एवं एकता पर अपनी भावनाओं को शब्दों में लिखेंगे।
रैली निकालेंगे बच्चे
चार दिन के इस पर्व का थीम होगा, 'आई कैन आई विल' जिसे हर कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। समारोह का उद्घाटन मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल करेंगे। इस मौके पर टेनिस स्टार महेश भूपति भी उपस्थित होंगे।
समारोह की शुरुआत विश्व शांति का संदेश देने वाली एक परेड से होगी। यह परेड जंतर-मंतर से राष्ट्रीय बाल भवन तक जाएगी। परेड में शामिल होने वाले बच्चे अपने-अपने देशों के झंडे लेकर निकलेंगे। परेड के बाद राष्ट्रीय बाल भवन पर ही बच्चे एकत्र होकर बस को पेंट करेंगे और विभिन्न शांति संदेश लिखेंगे। बाद में यह बस शहर में जाएगी और लोगों तक वो संदेश पहुंचाएगी।
रेयान फाउंडेशन की निदेशक ग्रेसी पिंटो ने इस समारोह के बारे में कहा कि इसमें विश्व भर से बच्चे न केवल शामिल होंगे, बल्कि शांति और एकता के लिए काम भी करेंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में गरीब व असहाय बच्चे भी शामिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह इस समारोह का दसवां साल है।
इस समारोह में भारत के अलावा पाकिस्तान, ईरान, इजरायल, नाईजीनिया, नेपाल, बांग्लादेश, लैटविया, रोमानिया, रूस, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, तुर्की, जाम्बिया, फिनलैंड, इंडोनेशिया, इटली, स्विट्जरलैंड और थाईलैंड के स्कूली बच्चे शामिल होंगे। कार्यक्रम में विभिन्न देशों की ढाई सौ से ज्यादा प्रस्तुतियां होंगी।












Click it and Unblock the Notifications