Magh Mela vs Kumbh Mela: क्या कुंभ और माघ मेला एक ही हैं? दोनों का क्या है इतिहास और धार्मिक मान्यता
Kumbh Mela vs Magh Mela: प्रयागराज में संगम की रेती पर शनिवार से 'माघ मेला 2026' की शुरुआत हो गई है। कड़ाके की ठंड के बावजूद पौष पूर्णिमा के मौके पर लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। महाकुंभ 2025 के ठीक बाद होने की वजह से इस बार के माघ मेले में रिकॉर्ड भीड़ जुटने की उम्मीद है।
अक्सर लोग इस उलझन में रहते हैं कि माघ मेला और कुंभ मेला क्या एक ही हैं? धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन दोनों मेलों का महत्व और इतिहास काफी अलग है। आइए माघ और कुंभ मेले के इतिहास और धार्मिक मान्यता के बारे में विस्तार से जानते हैं।

Magh Mela vs Kumbh Mela: माघ मेला और कुंभ मेला में अंतर?
धार्मिक नजरिए से देखें तो सबसे बड़ा अंतर समय और स्थान का है। माघ मेला हर साल आयोजित होने वाला पर्व है, जो केवल प्रयागराज में ही लगता है। वहीं, कुंभ मेला हर साल नहीं बल्कि 12 साल में एक बार लगता है। कुंभ मेला प्रयागराज के अलावा हरिद्वार, नासिक और उज्जैन में भी आयोजित किया जाता है। आसान शब्दों में कहें तो माघ मेला एक वार्षिक पर्व है, जबकि कुंभ ग्रहों और नक्षत्रों के खास संयोग पर होने वाला एक महापर्व है।
धार्मिक मान्यता और इतिहास
हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार, माघ महीने में संगम तट पर स्नान करने का विशेष महत्व है। कहा जाता है कि इस पवित्र महीने में सभी देवी-देवता स्वर्ग से उतरकर संगम के पानी में निवास करते हैं। इसलिए, यहां स्नान करने से इंसान के सभी पाप धुल जाते हैं और उसे पुण्य मिलता है। कुंभ मेले के पीछे अमृत कलश की कहानी जुड़ी है, जबकि माघ मेला मुख्य रूप से सूर्य के मकर राशि में प्रवेश और कल्पवास (भक्ति और तपस्या) पर केंद्रित होता है।
माघ मेले को 'मिनी कुंभ' क्यों कहते हैं?
माघ मेले को कई लोग 'मिनी कुंभ' भी कहते हैं। इसकी वजह यह है कि यहां भी कुंभ की तरह ही संन्यासी, साधु और कल्पवासी दूर-दूर से आते हैं। संगम पर लगने वाले इस मेले में भी वही रीति-रिवाज निभाए जाते हैं जो कुंभ के दौरान होते हैं।
कितने दिन संगम के किनारे रहते हैं कल्पवासी?
कल्पवासी पूरे एक महीने तक संगम के किनारे एक सादा जीवन बिताते हैं, ज़मीन पर सोते हैं और गंगा स्नान कर प्रभु की सेवा करते हैं। इसी आध्यात्मिक ऊर्जा और आस्था की वजह से इसे छोटे कुंभ का दर्जा दिया जाता है।
साल 2026 का यह माघ मेला इसलिए भी खास है क्योंकि हाल ही में संपन्न हुए महाकुंभ के बाद यहां लोगों की आस्था बड़ी है। अनुमान है कि इस बार करीब 15 करोड़ लोग संगम पर आएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने गंगा पर पीपे के पुलों की संख्या बढ़ा दी है और पूरे मेला क्षेत्र को पहले से कहीं बड़ा बनाया गया है ताकि हर कोई सुरक्षित तरीके से स्नान कर सके।












Click it and Unblock the Notifications