MCD स्कूलों को लेकर मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है
नई दिल्ली, जुलाई 5। डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के एमसीडी स्कूलों को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। मनीष सिसोदिया ने कहा है कि भाजपा के एमसीडी स्कूलों में आज तक कुछ नहीं हुआ है। एमसीडी स्कूलों की बुरी हालत है। आज ये देश में सबसे पिछड़े हुए स्कूल बन गए हैं। यह हम नहीं, प्रधानमंत्री मोदी की रिपोर्ट कह रही है।

सिसोदिया ने कहा कि एमसीडी के स्कूल सिर्फ दिल्ली की तस्वीर ही नहीं खराब कर रहे, बल्कि बच्चों के भविष्य को भी बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि इस रिपार्ट में स्पष्ट है कि कैसे शिक्षकों की संख्या बेहद कम है।
पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी एमसीडी के स्कूलों में शिक्षा के अधिकार के हिसाब से शिक्षकों की संख्या नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूल आज दुनिया भर में नाम कर रहे हैं और एमसीडी के स्कूल दुनिया भर में तस्वीर खराब कर रहे हैं।
सिसोदिया ने कहा कि भाजपा 20 साल से बच्चों को शिक्षक तक नहीं दे पाई है। भाजपा के नेता भी इस रिपोर्ट पर चुप हैं। उन्हें शर्म आनी चाहिए। उन्हें चुल्लू भर पानी में डूबने की जगह नहीं मिलेगी, अब जनता इनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। जनता ने देख लिया है कि दिल्ली सरकार कैसे काम कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications