गुजरात प्रदेशाध्यक्ष पाटिल बोले- भाजपा के 2 लाख पार्टी कार्यकर्ताओं-नेताओं ने जताई चुनाव लडने की इच्छा
अहमदाबाद। भारतीय जनता पार्टी 'भाजपा' के गुजरात प्रदेशाध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि, प्रदेश में होने वाले निकाय चुनाव के लिए 2 लाख पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने चुनाव लडने की इच्छा जताई। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।' पाटिल के इस दावे यह स्पष्ठ होता है कि, एक सीट पर औसतन 20 पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने टिकट की दावेदारी की थी। पाटिल के मुताबिक, भाजपा की ओर से नगरपालिका, जिला पंचायत व तहसील पंचायत के उम्मीदवारों की चयन प्रकिया पूरी हो चुकी है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पाटिल ने बताया कि, पहले चरण मेंं पार्टी ने 144 वार्ड की ओर से 576 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। दूसरे चरण मेंं पार्टी 8474 उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। इनमें 31 जिला पंचायतों के लिए 980 उम्मीदवार, 231 तहसील पंचायतों के लिए 4774 उम्मीदवार तथा 81 नगरपालिकाओं के लिए 2720 उम्मीदवार शामिल हैं। पूरी प्रक्रिया के तहत पार्टी ने स्थानीय निकाय चुनाव के 349 इकाइयों के लिए कुल 9050 उम्मीदवार का चयन कर लिया है।
बता दिया जाए कि, इस बार भाजपा ने उम्मीदवारों के लिए तीन मापदंड तय किए थे। इनमें से तीन या इससे ज्यादा बार चुने गए नेता को टिकट नहीं दिया गया। साथ ही 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के नेता या कार्यकर्ताओं टिकट नहीं दिया गया। इसके अलावा किसी भी नेता के संबंधियों को भी टिकट नहीं दिया गया।

स्थानीय निकाय चुनाव नजदीक आ रहे हैं। यहां 6 महानगरपालिकाओं के लिए मतदान होना है। ऐसे में चुनावी प्रचार-प्रसार जोरों पर है। सूबे में सक्रिय प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ-साथ अन्य प्रांतों से भी कुछ दलों की एंट्री हुई है। इस बार यदि मुस्लिम प्रत्याशियों पर गौर किया जाए तो पाएंगे कांग्रेस ने 25 मुस्लिम प्रत्याशी उतारे हैं, वहीं आवैसी की पार्टी एआईएमआईएम भी यहां चुनाव लड़ रही है। उस पार्टी ने 21 प्रत्याशी उतारे हैं। हालांकि, सत्तारूढ़ भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार इस चुनाव में नहीं उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications