सीएम योगी ने भर्ती परीक्षाओं को शीघ्र कराने के लिए UPSSSC को दिए निर्देश, कहा- जल्द घोषित हों रिजल्ट
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा अपनायी जाने वाली द्विस्तरीय परीक्षा प्रणाली के तहत प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का आयोजन शीघ्र करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने आयोगों द्वारा आयोजित होनी भर्ती परीक्षाओं के परिणाम भी जल्द घोषित करने को कहा है। ताकि सभी विभागों में रिक्त पदों पर तेजी से भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

मुख्यमंत्री बुधवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के आयोजन के संबंध में उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के चेयरमैन समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती सरकार की प्राथमिकता में है और इस पर तेजी से काम भी शुरू हो चुका है। इसलिए पीईटी कराने की तैयारियों को तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने रिक्त पदों पर भर्ती के लिए पारदर्शी व निष्पक्ष परीक्षा कराने पर जोर देते हुए कहा कि इससे योग्य अभ्यर्थियों का चयन हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में लोक सेवा आयोग, पुलिस भर्ती बोर्ड सहित सभी चयन आयोगों की परीक्षा व भर्ती प्रक्रिया के प्रति अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल हुआ है। इसके मद्देनजर भविष्य में भी परीक्षा व भर्ती कार्यक्रम को मिशन रोजगार के तहत पूरी तेजी से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार के 4 वर्ष के कार्यकाल में अब तक 4 लाख युवाओं को नौकरियां उपलब्ध कराया जा चुका है। युवाओं के चयन की प्रक्रिया बिना किसी भेदभाव के पूरी शुचिता, पारदर्शिता व निष्पक्षता से सम्पन्न कराई गई है।
इस मौके पर उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रवीर कुमार ने मुख्यमंत्री को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के आयोजन की तैयारियों और परीक्षा संबंधी योजना व पाठ्यक्रम की जानकारी दी। बैठक में मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक मुकुल सिंघल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव द्वय मुख्यमंत्री संजय प्रसाद व आलोक कुमार और आयोग के सभी सदस्य भी मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications