सीएम योगी ने विधानसभा चुनाव में जीत के लिए भाजपा के मंडल अध्यक्षों को दिया मंत्र
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव में जीत के लिए भाजपा के मंडल अध्यक्षों को मंत्र दिया। रविवार को सर्किट हाउस में की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में जीत के लिए बूथ कमेटियों का मजबूत होना बहुत जरूरी है। हर बूथ का सत्यापन कर बूथ स्तरीय पदाधिकारियों को सक्रिय किया जाए। पन्ना प्रमुख चुनावी रणनीति को कामयाब बनाते हैं इसलिए इनकी तैनाती जल्द से जल्द की जाए। यही मतदाताओं को बूथ तक ले आते हैं। मुख्यमंत्री ने पन्ना प्रमुखों के प्रशिक्षण की बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए।

विधानसभा चुनाव में जीत का दिया मंत्र
मुख्यमंत्री ने पंचायत से राष्ट्रीय चुनाव तक में भाजपा के प्रदर्शन को शानदार बताते हुए पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन किया। कहा कि हम सभी को जीत के इस क्रम को इसी तरह आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत अध्यक्ष की 75 में 67 सीटें जीतने को एतिहासिक बताया। उन्होंने मंडल अध्यक्षों को व्यावहारिक तरीके से काम करने को कहा। कहा कि जल्द ही सेक्टर प्रभारियों और उसके बाद बूथ स्तरीय संगठन के सदस्यों के साथ बैठक होगी।
टीकाकरण और राशन वितरण केंद्रों पर जरूर जाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार कोरोना से बचाव का निश्शुल्क टीका लगवा रही है। साथ ही हर जरूरतमंद को राशन उपलब्ध करा रही है। मंडल अध्यक्ष टीकाकरण और राशन वितरण केंद्रों पर जरूर जाएं और वहां की व्यवस्था पर नजर रखें। लोगों की मदद करें और भाजपा की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दें। ग्रामीण क्षेत्रों में पोस्टर, बैनर लगाकर सरकार के कामकाज की जानकारी दें।
अमेरिका से कई गुना ज्यादा टीका लगा चुके हैं हम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचाव का टीका तेजी से लगाया जा रहा है। हम अमेरिका से कई गुना ज्यादा टीका नागरिकों को लगा चुके हैं। गांवों में टीकाकरण अभियान को और आगे बढ़ाना है। लोगों को टीका लगवाने को प्रेरित करने के लिए भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता हर गांव में जाएं।
इंटरनेट मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को दें जवाब
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर कुछ लोग तेजी से अफवाह फैलाते हैं। ऐसे लोगों की वजह से कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में आक्सीजन और दवाओं की उपलब्धता के बाद भी नागरिकों में मारामारी मच गई। लोगों ने आक्सीजन सिलेंडर और दवाओं का स्टाक कर लिया। भाजपा कार्यकर्ता ऐसे अफवाह फैलाने वालों को करारा जवाब दें।












Click it and Unblock the Notifications