बीजेपी ने शिवराज सरकार की ब्रांडिंग के लिए तैयार नया नारा, 'शिवराज सरकार भरोसा बरकरार'
भोपाल, 16 जुलाई। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में 'शिवराज है तो विश्वास है' का नारा देने वाली बीजेपी अब इस नारे को बदलने जा रही है. बीजेपी ने शिवराज सरकार की ब्रांडिंग के लिए नया नारा तैयार कर लिया है. इस नारे के साथ ही अब जनता के बीच जाने की तैयारी है.

मीडिया की खबरों की मानें तो बीजेपी ने शिवराज सरकार की ब्रांडिंग के लिए नया नारा 'शिवराज सरकार भरोसा बरकरार' दिया है. इस नारे के साथ प्रकाशित की गई सैकड़ों की संख्या में बुकलेट बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में पहुंचाई गई हैं. अब इन्हीं बुकलेट को कार्यकर्ता जनता के बीच लेकर जाएंगे.
बुकलेट में खास उपलब्धियों का उल्लेख
खास बात यह है कि इस बुकलेट में शिवराज सरकार के चौथे टर्म के 1 साल 3 महीने की उपलब्धियों का उल्लेख किया गया है. शिवराज सरकार इस दौरान हासिल की गई उपलब्धियों के अलावा एक और बुकलेट तैयार की गई है. उसमें कोरोना की दूसरी लहर के दौरान सरकार की ओर से किए गए प्रयासों का उल्लेख किया गया है. कोरोना काल की उपलब्धियों को लेकर प्रकाशित की गई एक नई बुकलेट का भी जनता के बीच बांटने का काम बीजेपी के कार्यकर्ता करेंगे. इस बुकलेट में कोरोना से निपटने के मध्य प्रदेश मॉडल का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है.
अब इस मुद्दे को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है. कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और भोपाल की पूर्व मेयर विभा पटेल ने बीजेपी के इस अभियान पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि बीजेपी को सरकार को उपलब्धियां गिनाने के बजाय एक माफीनामा छपवाना चाहिए, क्योंकि, कोरोना में जिस तरह से लोग इलाज के लिए भटकते रहे थे और मरीजों की मौत हुई वह उपलब्धि नहीं बल्कि सरकार की नाकामी है. दूसरी तरफ कांग्रेस के इन आरोपों का जवाब देते हुए बीजेपी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि कांग्रेस ने खुद कोरोना काल के दौरान कुछ नहीं किया और अब उन्हें इस पूरे मामले में राजनीति नजर आ रही है. बीजेपी के मुताबिक सरकार ने कोरोना काल के दौरान जो प्रयास किए वही जनता के बीच ले जा रहे हैं.












Click it and Unblock the Notifications