तमिलनाडु का विजय-पर्व: न फ्लूक, न चमत्कार – 60 साल की राजनीतिक थकान का हिसाब, नए सपनों की पटकथा

Thalapathy Vijay Political Triumph Analysis: तमिलनाडु के चुनाव नतीजे सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि एक गहरी भावनात्मक लहर का प्रमाण हैं। स्टालिन जब कोलाथुर पहुंचे तो उनके समर्थक रो रहे थे। जीतने वाले की खुशी नहीं, हारने वाले का वह आंसू बताता है कि यह चुनाव महज एंटी-इंकंबेंसी नहीं था। यह द्रविड़ राजनीति की छह दशक पुरानी थकान का हिसाब था, एक ऐसा ज्वार जो सिनेमा के सितारे को मुख्यमंत्री की कुर्सी तक ले आया।

सी. जोसेफ विजय की तमिलगा वेट्ट्री कझगम (टीवीके) को 108 सीटें मिलीं। पार्टी महज दो साल पुरानी है। नेता ने पहली बार चुनाव लड़ा। फिर भी छह दशकों से अटूट DMK-AIADMK का किला ढह गया। जो लोग इसे 'स्टार पावर का चमत्कार' कह रहे हैं, वे आधी कहानी ही बता रहे हैं। असली कहानी दशकों की मेहनत और साल भर की सियासी रणनीति की है।

thalapathy-vijay-political-triumph-analysis

दशकों की मेहनत: राहत का काम, भरोसे का आधार

2004 की विनाशकारी सुनामी में अकेले तमिलनाडु में 610 लोग मारे गए। विजय राहत कार्यों में मैदान में थे। चेन्नई की बाढ़ आई तो वे कीचड़ में खड़े थे। कोविड महामारी में उनकी टीम जरूरतमंदों तक पहुंची। यह पीआर नहीं था। यह उस इंसान का स्वभाव था, जो स्क्रीन पर 'आम आदमी का हीरो' बनता आया। जब जनता किसी नेता को रील लाइफ में नहीं, बल्कि रियल लाइफ में 'बाढ़, महामारी में' देखती है, तो वह उस पर भरोसा करती है। विजय ने यही भरोसा अर्जित किया था। चुनाव की तैयारी उन्होंने पार्टी बनाने से बहुत पहले शुरू कर दी थी।

60 साल पुरानी एक-रेखीय राजनीति से ऊब

1967 में पेरियार की विरासत लेकर अन्नादुरै ने द्रविड़ राजनीति की नींव रखी। हिंदी विरोध, तमिल स्वाभिमान और अलग पहचान - यही धुरी रही। एमजीआर और करुणानिधि ने इसे आगे बढ़ाया। दोनों के बीच सत्ता आती-जाती रही। लेकिन एमजीआर गए, जयललिता चली गईं, करुणानिधि भी नहीं रहे। जो बचा, वह पुरानी विचारधारा, पुराने नारे और पुराने चेहरे थे।

आज का युवा मतदाता इस एक-ट्रैक राजनीति से कट चुका था। उसे रोजगार चाहिए, व्यापार के मौके चाहिए, नया कथानक चाहिए। कमल हासन, सीमन, विजयकांत ने कोशिश की, लेकिन एमजीआर-जयललिता के जाने के बाद जो वैक्यूम बना था, उसे कोई नहीं भर सका। आखिरकार विजय ने उसे भरा।

विजय-पथ: युवा अपेक्षा और तमिल गर्व का संगम

विजय ने प्रशांत किशोर को साथ लिया, वही किशोर जो पहले DMK के साथ काम कर चुके थे और तमिलनाडु की जमीन को गहराई से समझते थे। रणनीति का केंद्र था वह युवा मतदाता जो पुरानी राजनीति में रुचि नहीं रखता, लेकिन तमिल सांस्कृतिक स्वाभिमान से भरा है।

BJP के गठबंधन प्रस्ताव को विजय ने सार्वजनिक रूप से ठुकराया। उन्होंने कहा कि BJP हमारी स्वाभाविक राजनीतिक शत्रु है। यह बयानबाजी नहीं थी। यह DMK के हिंदुत्व-विरोधी वोट बैंक में सीधी सेंधमारी थी। साथ ही, अंदरूनी कलह से टूटी AIADMK को हाशिये पर धकेलने की चाल भी।

बीजेपी को स्वाभाविक सियासी दुश्मन बताना इसी रणनीति का हिस्सा था जिसके तहत वैसे मतदाताओं को आकर्षित करना था जिसे परंपरागत और एक्सक्लुसिव द्रविडियन पॉलिटिक्स में तो कोई इंटरेस्ट नहीं था लेकिन वो अपनी तमिल पहचान पर गर्व करता है, तथाकथित उत्तर भारतीय और हिंदी पट्टी की पार्टी भाजपा उसका विकल्प नहीं हो सकती।

इसी के साथ विजय ने स्टार-पावर की कमी से संघर्ष कर रहे दोनों परंपरागत द्रविड दलों के अवसान की पटकथा भी लिख दी। दरअसल, तमिलनाडु चुनाव का यह विजय-पर्व सांकेतिक रूप से द्रविड राजनीति का रिजेक्शन और थलपति विजय के लिए इमोशन का आउटबर्स्ट दर्शाता है। लोग उस करिश्माई नायक को चुन रहे थे जो करप्शन और क्राइम से लड़ता है, गरीब और वंचितों को न्याय दिलाता है।

सनातन - सहानुभुति व संवेदनशीलता

द्रविड़ राजनीति का दबदबा है, यह सच है। लेकिन तमिलनाडु में एक बड़ा तबका सनातन परंपरा में गहरी आस्था रखता है। जैसे अय्यर-अय्यंगर समुदाय, मंदिरों के भक्त, विवाह-यज्ञोपवीत जैसे संस्कारों में जीने वाले लोग। DMK के मंत्री उदयनिधि के सनातन-विरोधी बयानों ने उन्हें आहत किया। सरकार की तरफ से न माफी, न कार्रवाई, न संवेदनशीलता। ये मतदाता BJP को वोट नहीं दे सकते थे, उनकी तमिल पहचान उन्हें रोकती थी, लेकिन बदलाव जरूर चाहते थे। विजय उनके लिए भी स्वीकार्य विकल्प बन गए। ईसाई मतदाता, जो परंपरागत रूप से DMK का वोट बैंक रहे, उन्हें C. Joseph Vijay में 'अपने बीच का' नेता दिखा। यह गणित DMK के लिए बेहद महंगा साबित हुआ।

नियो वोट-ब्लॉक: क्रिश्चियन-दलित-अल्पसंख्यक (CDA)

तमिलनाडु में मुस्लिम वोट पर पारंपरिक रूप से DMK और IUML जैसे दलों का प्रभाव रहा है। लेकिन समय के साथ एक नया "नियो-वोटर ग्रुप" उभरा है - क्रिश्चियन समुदाय, जो आम तौर पर DMK का समर्थक माना जाता था लेकिन सी. जोसेफ विजय की निजी पहचान, उनके चर्च-कनेक्ट, और "पीड़ित-गरीब-हाशिए के पक्ष" वाली ऑन-स्क्रीन इमेज ने ईसाई मतदाताओं का बड़ा हिस्सा उनकी तरफ़ खींचा। वे उनके लिए "अपनों में से एक" दिखे, पर फिर भी DMK की तरह खुले टकराव वाली भाषा नहीं बोलते।

डीएमके की राजनीति में दलितों का मजबूत आधार शामिल था। लेकिन पिछले दिनों उनके गढ मदुरै जैसे इलाकों से दलितों के उत्पीडन की खबरें आ रही थी। एक समाचार तो इतनी विचलित करने वाला था जिसमें यह बताया गया था कि मदुरै के निकट पानी की कमी से त्रस्त एक मलिन बस्ती में दलितों के उपयोग के लिए बनाए गए पानी की टंकी में मानव-मल मिला दिया गया था, जिसका उपयोग कर अनेक लोग बीमार हो गए थे। ऐसे मामलों में कोई ठोस कार्रवाई न होने से इस बार दलितों का डीएमके से मोहभंग हुआ है। विजय ने अपनी जनसभाओं में समाज के अंतिम पायदान पर खडे व्यक्ति के लिए बार-बार अपनी प्रतिबद्धता दुहराते रहे हैं।

मुस्लिम मतदाताओं का भी एक खंड, खासतौर पर शहरी युवा, जो भ्रष्टाचार और शासन से परेशान था, विजय की "क्लीन स्लेट" पार्टी की तरफ झुका। मदुरै से जीते उनके मुस्लिम विधायक का जीत के बाद हिंदी में प्रेस से बात करना यह संकेत है कि TVK की राजनीति भाषाई या सांप्रदायिक बैरिकेड्स पर नहीं टिकने वाली; उसमें राष्ट्रीय आकांक्षा भी है।

जनसभा में फिल्मी डायलॉग, असली क्रांति की उम्मीद

विजय ने रैलियों में वही किया, जो रुपहले पर्दे पर करते आए थे। धारदार संवाद, आक्रामक भाव-भंगिमा और ऐसा अंदाज जो युवाओं को उद्वेलित कर दे। उन्होंने बताया कि जीतने पर क्या करेंगे, तमिलनाडु के लिए उनका जीतना क्यों जरूरी है। वादे अस्पष्ट नहीं थे। विजन और एजेंडा साफ था। मतदाताओं को लगा कि सिनेमा में जो इंसाफ का हीरो दिखता था, वह असल जिंदगी में भी वैसा ही करेगा। यही 'इमोशनल वोटिंग' है। 2013 में दिल्ली ने भ्रष्टाचार से नफरत और व्यवस्था बदलने की उम्मीद में केजरीवाल को चुना था। 2026 में तमिलनाडु ने विजय को चुना। हार-जीत का अंतर और किसी भी पार्टी को बहुमत न मिलना इस इमोशनल वोटिंग पर मुहर लगाता है।

आगे की पटकथा: मंदिर, हिंदी और राष्ट्रीय महत्वाकांक्षा

108 सीटों के साथ विजय का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है। कांग्रेस, CPI, PMK जैसी पार्टियां समर्थन को तैयार हैं। AIADMK के भीतर भी एक धड़ा BJP से दूरी बनाकर TVK के साथ जाने को आतुर बताया जा रहा है।

हिंदी को 'विरोध' नहीं, केवल 'थोपे जाने' का प्रतिरोध करने वाले तमिलनाडु में, विजय के मुस्लिम विधायक का हिंदी में संवाद और खुद विजय की ऑल-इंडिया पहचान यह संकेत देते हैं कि TVK का विजन सिर्फ रीजनल नहीं, नेशनल महत्वाकांक्षा से भी जुड़ा है।

तमिलनाडु की जनता ने साफ संदेश दिया है कि हम द्रविड़ अस्मिता नहीं छोड़ेंगे, पर उसे नई सदी की जरूरतों के साथ रीलोड करना चाहते हैं। और इस बार, निर्माता-निर्देशक-नायक...तीनों भूमिकाएं एक ही आदमी के हाथ में हैं - 'चंद्रशेखर जोसेफ विजय'।

5 असली वजहें विजय क्यों जीते?

  • दशकों की ज़मीनी पूंजी: सुनामी, बाढ़, कोविड हर संकट में मैदान में रहे
  • 60 साल की ऊब: DMK-AIADMK से थका युवा मतदाता नया चेहरा चाहता था
  • PK फैक्टर: प्रशांत किशोर की रणनीति निशाने पर तमिल युवा
  • सनातन मुद्दे की प्रतिक्रिया: उदयनिधि के बयानों से आहत हिंदू वोटर के लिए नया विकल्प
  • धर्म-भाषा से ऊपर: BJP को ना, पर सबको साथ एक स्मार्ट वोट-गणित

यह चुनाव साबित करता है कि राजनीति में चमत्कार नहीं होता। थकान होती है। और जब थकान चरम पर पहुंच जाती है, तो जनता पुरानी व्यवस्था को उखाड़ फेंकती है। चाहे वह कितनी भी पुरानी और जड़ें जमा चुकी क्यों न हो। तमिलनाडु ने ठीक यही किया।

कोरोमंडल का मेंडेट क्लियर है, "हम द्रविड़ अस्मिता नहीं छोड़ेंगे, पर उसे नई सदी की ज़रूरतों के साथ रीलोड करना चाहते हैं। और इस बार इस निर्माता-निर्देशक-नायक, तीनों भूमिकाएँ एक ही आदमी के हाथ में हैं - चंद्रशेखर जोसेफ विजय।"

(तमिलनाडु ब्युरो-चीफ एवं वनइंडिया तमिल के संपादक वीराकुमार के इनपुट्स के साथ)

Thalapathy Vijay Women Sena: TVK का इन 13 महिलाओं ने किया 'विजय' तिलक, DMK-BJP का 'वुमन कार्ड' फुस्स!
Thalapathy Vijay Women Sena: TVK का इन 13 महिलाओं ने किया 'विजय' तिलक, DMK-BJP का 'वुमन कार्ड' फुस्स!
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+