Ekta Kapoor: सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बावजूद नहीं सुधरी एकता कपूर
Ekta Kapoor: 14 अक्टूबर 2022 का दिन था। एकता कपूर की तरफ से देश के बहुत बड़े वकील मुकुल रोहतगी सुप्रीम कोर्ट में बहस कर रहे थे। जस्टिस अजय रस्तोगी और जस्टिस सीटी रवि इस केस को लेकर बेहद गंभीर थे। उन्होंने एक लाइन का कमेंट किया, जो उस दिन सभी न्यूज चैनल्स की पहली हेडलाइन, वेबसाइट की टॉप स्टोरी और अगले दिन फ्रंट पेज की स्टोरी बन गया। सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने एकता कपूर के लिए कहा, "आप इस देश की युवा पीढ़ी के मस्तिष्क को प्रदूषित कर रही हैं''। लेकिन लगता है सुप्रीम कोर्ट की उस टिप्पणी के बाद भी एकता कपूर ने अभी तक कोई सबक नहीं लिया है और अब वो माता लक्ष्मी को लेकर एक पोस्टर जारी करने के बाद फिर से विवादों में घिर गई हैं।
दरअसल सुप्रीम कोर्ट इस बात से नाराज था कि एकता कपूर की वेबसीरीज 'XXX' में एक फौजी की पत्नी के किरदार को लेकर कुछ अश्लील सीन रखे गए थे। ये सीरीज उनके ओटीटी प्लेटफॉर्म आल्ट बालाजी पर रिलीज हुई थी। कुछ फौजी परिवारों ने इसका विरोध किया। फौजियों को लेकर देश वैसे ही संवेदनशील है। एक सेशन कोर्ट में भी एक रिटायर्ड फौजी मामला लेकर गया तो कोर्ट ने एकता कपूर और उनकी मम्मी शोभा कपूर की गिरफ्तारी तक के आदेश जारी कर दिए थे।

पटना हाईकोर्ट ने जल्दी सुनवाई से मना किया तो मुकुल रोहतगी केस को सुप्रीम कोर्ट ले गए। तब कोर्ट ने कहा, "कुछ न कुछ तो करना ही पड़ेगा। आप इस देश की युवा पीढ़ी के मस्तिष्क को प्रदूषित कर रही हैं। ये सब जगह उपलब्ध है। ओटीटी कंटेंट सभी के लिए उपलब्ध है। आप लोगों के लिए किस तरह के विकल्प उपलब्ध करवा रही हैं? बजाय ठीक विकल्प देने के आप युवाओं के मस्तिष्क प्रदूषित कर रही हैं"।
जिस कम्पनी का नाम उन्होंने भगवान बालाजी के नाम पर रखा था, वो 'गंदी बात' और 'ट्रिपल एक्स' जैसी सीरीज बना रही थी। लोगों को को लगा कि भगवान से नहीं, भक्तों से नहीं तो कम से कम सुप्रीम कोर्ट से तो डरेंगी एकता कपूर। लेकिन ताजा विवाद बता रहा है कि उन्होंने कोई भी सबक नहीं सीखा है। उनके लिए पैसा और व्यूअरशिप ही सबसे बड़ी चीज है, इसलिए वो करोड़ों लोगों की आराध्य धन वैभव की देवी मां लक्ष्मी का भी अपमान करने से नहीं चूकीं।
उनका ताजा मामला है 'गंदी बात' का सीजन सिक्स, जिसका एक पोस्टर वायरल होना शुरू हुआ है। इसमें बीचो बीच कमल के फूल पर लड़की खड़ी हुई है, जो पारम्परिक ढंग से साड़ी पहने हुए है। पल्लू भी डाले हुए हैं, लेकिन आंखें छुपा रखी है और सीधे हाथ की उंगली चुप करवाने के अंदाज में होठों पर रखी है। कमल से ऊपर उसकी कमर से ऊपर का हिस्सा है।
ऐसे ही कमल के फूल पर मां लक्ष्मी विराजमान रहती आई है। लोगों का कहना है कि इस तरह से कमल का इस्तेमाल एक सेक्सी सी लगने वाली महिला के लिए क्यों किया गया है? लोगों का कहना है कि ये मां लक्ष्मी का अपमान है। कुछ लोग तो सोशल मीडिया पर ये भी कह रहे हैं कि बालाजी का अर्थ विष्णु भगवान है और उनके नाम वाली कम्पनी माता लक्ष्मी का अपमान कैसे कर सकती है? सबसे दिलचस्प बात ये है कि ये सीजन 2021 में ही रिलीज भी हो चुका है तब शायद कोरोना के चलते लोगों के बीच चर्चा का विषय नहीं बना, अब अचानक से ये पोस्टर वायरल हो चला है।
एकता कपूर 2015 से ही उस वक्त अपनी एक गंदी बात के लिए तब चर्चा में आ गई थीं, जब 'XXX' का शूट शुरू हुआ था। खबर आई कि कलाकारों के साथ एकता ने 'न्यूडिटी क्लॉज' का एग्रीमेंट साइन किया है कि कोई भी कलाकार कैसा भी सीन करने से मना नहीं कर सकता। ये भारत में पहली बार सुनने में आया था लेकिन एकता पर कोई फर्क नहीं पड़ा। वो आगे बढ़ती चली गईं। एक दिन वो आया कि उनके खिलाफ बोलने वाले या सवाल उठाने वालों के कैरियर बर्बाद होने लगे। राजीव खंडेलवाल जैसे चर्चित टीवी सितारे ने जब एकता कपूर को लेकर ये कहा कि मुझे बड़ा बनने के लिए एकता कपूर की जरुरत नहीं है। एकता ने ऐलान कर दिया कि अब राजीव के साथ कभी काम नहीं करेंगी। एकता ही नहीं बाकी लोगों ने भी राजीव से किनारा कर लिया।
एकता कपूर ने ही घरेलू रिश्तों के आपसी षडयंत्रों, तनातनी को लेकर सीरियल्स बनाने की शुरूआत की थी। उन्हीं के जरिए जबरदस्त कामयाबी भी पाई। लेकिन वो धीरे धीरे सॉफ्ट पोर्न या सेक्स कॉमेडी की तरफ मुड़ गईं। उनको ये अहसास ही नहीं हुआ कि केवल पैसा कमाना ही जरुरी नहीं है। उनकी फिल्मों के नाम देखिए, लव सेक्स और धोखा, रागिनी एमएमएस, द डर्टी पिक्चर। उन्होंने कई फिल्में सेक्स कॉमेडी बनाईं, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा में रही क्या कूल हैं हम, जिसमें हीरो उनका भाई तुषार कपूर भी था। कतई परिवार के साथ देखने लायक मूवी नहीं थी वो। वीरे दी वैडिंग और शादी के साइड इफैक्ट्स को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए कि क्या एकता कपूर अपनी फिल्मों के जरिए भारतीय दर्शकों की पसंद बदलने में लगी हैं? हालांकि ये ज्यादा नहीं चला।
वेबीसीरीज में तो सेंसर बोर्ड का भी झगड़ा नहीं था, सो यहां एकता कपूर खुलकर खेलनी लगीं। गंदी बात और ट्रिपल एक्स जैसी वेबसीरीज ही नहीं, फोर प्ले, रागिनी एमएमएस रिटर्न्स, बेबाकी जैसी तमाम बोल्ड फिल्में आईं। भारतीय दर्शकों के एक वर्ग को सॉफ्ट पोर्न से शायद कोई दिक्कत भी नहीं है। लेकिन इसका अर्थ यह भी नहीं कि वो भगवान, फौज, देवी, देवता का इस्तेमाल करके लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करें। ऐसे में जबकि सुप्रीम कोर्ट भी एकता कपूर को सख्त चेतावनी दे चुकी है, उनको गंभीर होना ही होगा, क्योंकि इस बार कोर्ट भी केवल चेतावनी देकर छोड़ने वाली नहीं।
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications