Panchayat Election: प. बंगाल के मालदा में TMC नेता की हत्या, कांग्रेस पर लगे गंभीर आरोप
West Bengal Panchayat Election नामांकन के समय से ही हिंसा के कारण सुर्खियों में है। प. बंगाल के मालदा में TMC नेता की हत्या का मामला सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस की विधायक ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार मालदा के सूजापुर में पूर्व पंचायत प्रधान और टीएमसी नेता मुस्तफा शेख की हत्या कर दी गई। मर्डर के बाद मुस्तफा के परिजनों ने कांग्रेस पर राजनीतिक कारणों से हत्या कराने के आरोप लगाए हैं।

तृणमूल कांग्रेस की विधायक सबीना यास्मिन का आरोप है कि कांग्रेस तृणमूल का सफाया करना चाहती है। उन्होंने कहा कि मुस्तफा की हत्या पूरी तरह पॉलिटिकल मर्डर है।
बकौल सबीना जो लोग तृणमूल कांग्रेस को जड़ से मिटाना चाहते थे, उन लोगों को पंचायत चुनाव में टिकट नहीं दिए गए। उन्होंने कहा कि TMC से टिकट नहीं मिलने पर कई नेता कांग्रेस में शामिल हुए और उन्हें टिकट मिला।
सबीना का आरोप है कि कांग्रेस में शामिल होने के बाद कई नेताओं ने इलाके में दहशत फैलानी शुरू कर दी। गुंडगर्दी की कंप्लेन मिली। ऐसी ही एक वारदात में मुस्तफा का मर्डर हुआ है।
चुनाव आयोग के पास पहुंची शिकायत
हिंसा की इस ताजा घटना के मामले में तृणमूल कांग्रेस ने स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ चुनाव आयोग के पास भी कंप्लेन दर्ज कराई है। बता दें कि इससे पहले भाजपा तृणमूल कांग्रेस पर हिंसा को संरक्षण देने के आरोप लगा चुकी है।
This is a political murder. Those who want to end TMC from the grassroots level were not given a ticket. They joined Congress and got a ticket. After that, they started indulging in rowdyism and spreading terror in the area. Today, they killed former pradhan, Mustafa Sheikh.… pic.twitter.com/8jJQ97NQT2
— ANI (@ANI) June 17, 2023
गत दिनों पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल निर्वाचन आयोग के बाहर लगी बैरिकेडिंग हटाने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि हार के डर से TMC भाजपा या किसी दूसरे दल के प्रत्याशी के नामांकन में अड़चन डाल रही है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव पूर्व हिंसा की कई घटनाएं पहले भी सुर्खियों में रही हैं। विपक्षी दलों का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस के दबाव में राज्य की पुलिस आपराधिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई नहीं करती।
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कई बार हिंसा को संरक्षण के तमाम आरोपों को सिरे से खारिज कर चुकी हैं। तृणमूल का आरोप है कि भाजपा माहौल बिगाड़ने के लिए प्रायोजित हिंसा कराती है।












Click it and Unblock the Notifications