West Bengal: बंगाल में कहां है कानून? बीच सड़क पर डंडे से महिला की बेरहमी से पिटाई, BJP का TMC पर गंभीर आरोप
West Bengal News: पश्चिम बंगाल में महिला के साथ जुल्म की इंतेहा हो रही है। बंगाल से सामने आई महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाओं ने पूरे देश को सन्न करके रख दिया है। अब एक बार फिर ममता बनर्जी के शासन वाले राज्य पश्चिम बंगाल में बीच सड़क पर महिला की बेरहमी से पिटाई की गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
महिला को दी जा रही 'तालिबानी सजा' की घटना सामने आने के बाद एक बार फिर बंगाल सरकार विपक्ष के निशाने पर है। महिला को भरी भीड़ के सामने एक शख्स डंडे से बेरहमी से पिटाई करता नजर आ रहा है। महिला के साथ सड़क पर एक पुरुष की भी पिटाई की जा रही है।

वीडियो उत्तर बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा का है। महिला की पिटाई का वीडियो साझा करते हुए बीजेपी ने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा का आरोप है कि आरोपी शख्स स्थानीय टीएमसी नेता है, जो कि टीएमसी विधायक का करीब है। अब इस पूरे मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर छापेमारी शुरू कर दी है।
बीजेपी ने वीडियो साझा करते हुए लिखा-"पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर के चोपड़ा में एक भयावह वीडियो में तजेमुल उर्फ "जेसीबी" एक महिला पर क्रूरता से हमला करते हुए दिखाई दे रहा है। "त्वरित न्याय" का यह तथाकथित प्रवर्तक हत्या और बलात्कार के आरोपों वाला अपराधी है, जिसका चोपड़ा विधायक हमीदुर रहमान से गहरा संबंध है।"
बीजेपी ने ममता सरकार को घेरते हुए आगे कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री के शासन में यह हकीकत है! क्या मणिपुर की महिलाओं के लिए मगरमच्छ के आंसू बहाने वाली टीएमसी यहां अपना प्रतिनिधिमंडल भेजने की हिम्मत करेगी?"
वहीं महिला के साथ बर्बरता पर प्रतिक्रिया देते हुए चोपड़ा विधायक हमीदुल रहमान ने महिला को "दुष्ट जानवर" बताया और कहा कि उसकी गतिविधियां "असामाजिक" थीं। साथ ही उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि उनका या पार्टी का उस व्यक्ति से कोई संबंध है, जो वीडियो में महिला की पिटाई करते हुए दिखाई दे रहा है।
रहमान ने कहा कि यह गांव का मामला है और इसका पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। इस बीच, पुलिस ने चोपड़ा महिला हमले के मामले में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना उत्तरी दिनाजपुर में चोपड़ा के लक्ष्मीपुर गांव के दिघलगांव इलाके में हुई है। वहां एक कपल के खिलाफ अवैध संबंध रखने के आरोप में मध्यस्थता बैठक की गई थी। बताया जा रहा है कि महिला पहले से शादीशुदा थी और बाद में उसका युवक से अफेयर हो गया। जिसके बाद 'इंसाफ सभा' के नाम पर महिला के साथ मारपीट की गई।












Click it and Unblock the Notifications