पश्चिम बंगाल बीजेपी में बड़ी टूट के संकेत! निकाय चुनाव को लेकर हुई समीक्षा बैठक में नहीं पहुंचे दो बड़े नेता
कोलकाता, मार्च 05। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी छोड़ बीजेपी में आए सुवेंदु अधिकारी अब बीजेपी में रहकर बागी तेवर दिखा रहे हैं। दरअसल, शनिवार को पश्चिम बंगाल बीजेपी ने हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर एक बैठक बुलाई। इस मीटिंग में सुवेंदु अधिकारी शामिल नहीं हुए, जिसके बाद ये कयास लगने शुरू हो गए हैं कि क्या सुवेंदु अब बागी तेवर दिखा रहे हैं?

मीटिंग में ये नेता रहे मौजूद
पश्चिम बंगाल बीजेपी की इस मीटिंग में प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, दिलीप घोष, लॉकेट चटर्जी, अमित मालवीय और टीएमसी के पूर्व नेता दिनेश त्रिवेदी शामिल हुए थे। विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी को भी इस मीटिंग में शामिल होना था, लेकिन उनकी मौजूदगी इस मीटिंग में नहीं दिखी। सुवेंदु अधिकारी के अलावा केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर भी इस बैठक में नहीं आए।

सुवेंदु की गैरमौजूदगी को लेकर पार्टी ने जारी किया बयान
हालांकि सुवेंदु अधिकारी की गैरमौजूदगी को लेकर पार्टी की ओर से एक बयान भी जारी किया गया। सुकांत मजूमदार ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी ने हमें पहले ही सूचित कर दिया था कि वो इस मीटिंग में नहीं आएंगे, वो किसी निजी कारण की वजह से इस बैठक में नहीं आए हैं, उन्होंने हमें कल ही सूचित कर दिया था।

निकाय चुनाव में कम हुआ बीजेपी का वोट शेयर
आपको बता दें कि समीक्षा बैठक में हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर चर्चा हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मीटिंग में बीजेपी के वोट शेयर में आई कमी को लेकर चर्चा हुई। बता दें कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा के वोट शेयर में गिरावट देखी गई, वो भी तब जब पार्टी को विधानसभा चुनाव में 77 सीटें मिली थी। इस मीटिंग में सुकांत मजूमदार ने कहा कि बीजेपी के वोट शेयर में कमी आने का कारण टीएमसी और वामपंथियों के बीच हुए गठबंधन रहा है।
ये भी पढ़ें: West Bengal Civic Polls Result: सत्तारूढ़ TMC फिर हावी, जीत पर ममता बोलीं- जय बांग्ला












Click it and Unblock the Notifications