Kolkata: छात्रा से गैंगरेप के बाद आरोपी कॉलेज कैंपस में ही करते रहे जश्न, गार्ड रूम में की शराब पार्टी
South Kolkata Law College gangrape: साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज में छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना के मुख्य आरोपी मोनोजीत मिश्रा और उसके दो साथियों प्रमित मुखर्जी तथा जैब अहमद ने 25 जून को कॉलेज परिसर में वारदात को अंजाम देने के बाद, कॉलेज के गार्ड रूम में बैठकर शराब पी और फिर रात भर घूमते रहे।
जांच अधिकारियों के मुताबिक, तीनों ने न केवल छात्रा के साथ अमानवीयता की, बल्कि अपराध के बाद भी बेशर्मी से जश्न मनाते रहे। यह पूरी घटना न सिर्फ कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर चिंता जताती है।

सुरक्षा गार्ड को दी धमकी
अधिकारी ने आगे बताया कि, 'अपराध के बाद तीनों आरोपी कॉलेज के गार्ड रूम में बैठकर शराब पी रहे थे। इसके बाद उन्होंने सुरक्षा गार्ड पिनाकी बनर्जी को धमकाते हुए कहा कि वह इस घटना के बारे में किसी से कुछ न कहे।'
घटना के अगले दिन मदद मांगने निकला मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि 26 जून, यानी वारदात के अगले दिन, मोनोजीत मिश्रा ने मामले की गंभीरता को भांपते हुए दशप्रिया पार्क (साउथ कोलकाता) में रहने वाले एक प्रभावशाली व्यक्ति से संपर्क किया, जिसने पहले भी उसकी मदद की थी। लेकिन इस बार उस व्यक्ति ने स्थिति की नजाकत को देखते हुए दूरी बना ली और मोनोजीत को पीछे हटने की सलाह दी। इसके बाद मोनोजीत ने अपने मेंटर्स से संपर्क कर भाग निकलने का रास्ता तलाशना शुरू किया।
शहरभर में मदद के लिए घूमता रहा मोनोजीत
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी मोनोजीत घटना के बाद शहर के कई इलाकों में अपने संरक्षकों से मिलने गया, जिनमें राशबेहारी, दशप्रिया पार्क, गरियाहाट, फर्न रोड और बालीगंज स्टेशन रोड शामिल हैं। मोबाइल टावर डेटा से यह भी पुष्टि हुई है कि वह कराया पुलिस स्टेशन के पास भी किसी व्यक्ति से मिलने गया था।
पहले से रची गई थी गैंगरेप की साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि यह घटना पूर्व नियोजित थी। तीनों आरोपियों ने मिलकर पहले से ही योजना बना रखी थी। कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR) से यह पता चला है कि 25 जून की वारदात से पहले के कई दिनों तक तीनों आरोपियों के बीच लगातार बातचीत होती रही थी।












Click it and Unblock the Notifications