'हमसे जबरन शूट कराया गया वीडियो', कोलकाता रेप केस में पीड़िता के पिता का एक सनसनीखेज खुलासा
Kolkata Rape Case: कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के मामले में कोलकाता पुलिस लगातार सवालों के घेरे में है। एक तरफ जहां पीड़िता के पिता ने दावा किया था कि कोलकाता पुलिस ने उन्हें इस मामले को दबाने के लिए घूस देने की कोशिश की थी। लेकिन टीएमसी ने पीड़िता के पिता के इन आरोपों को खारिज किया है। टीएमसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इन आरोपों को खारिज किया था।
इन तमाम आरोपों के बीच पश्चिम बंगाल की महिला और बाल विकास मंत्री शशि पांजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके इन आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़िता के पैरेंट के बयान का पोस्टमार्टम नहीं करेगी। शशि पांजा ने एक वीडियो भी शेयर किया जिसमे पीड़िता के पिता कह रहे हैं कि वह पुलिस की जांच से संतुष्ट हैं।

पीड़िता के पिता का आरोप
लेकिन टीएमसी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के एक घंटे के बाद पीड़िता के पिता ने इसपर जवाब देते हुए कहा कि उनसे जबरन कोलकाता पुलिस ने वीडियो शूट कराया। बेटी का अंतिम संस्कार होने के बाद पुलिस ने हमसे जबरन यह बयान दिलाया था कि हम पुलिस की जांच से संतुष्ट हैं।
हमपर दबाव बनाया गया, घूस की पेशकश की गई
इससे पहले पीड़िता के पिता ने कहा था कि हम अपनी बेटी का शव रखना चाहते थे, लेकिन हमारे ऊपर काफी दबाव बनाया गया, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। यही नहीं पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि जब बेटी का शव घर आया तो पुलिस अधिकारी ने उन्हें घूस देने की भी पेशकश की थी। लेकिन मैंने इससे साफ इनकार कर दिया।
टीएमसी ने गड़बड़ी से किया इनकार
शशि पांजा ने कहा कि परिवार जो कह रहा है, हम उसका सम्मान करते हैं, उन्होंने अपनी बेटी को खोया है। इसके साथ ही हम अपील करते हैं कि सीबीआई जल्द से जल्द मामले की जांच को पूरा करे। टीएमसी ने इस मामले में किसी भी तरह की गड़बड़ी से इनकार किया है। शशि पांजा ने पीड़िता के पैरेंट का पुराना वीडियो शेयर किया है, जिसमे वह कहते हैं कि वह जांच से संतुष्ट थे।
शशि पांजा ने साझा किया वीडियो
पीड़िता के पिता के आरोपों के बाद टीएमसी नेता शशि पांजा ने कहा कि एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमे पीड़िता के पैरेंट कह रहे हैं कि पुलिस ने उन्हें घूस देने की कोशिश की। इसके बाद एक और वीडियो सामने आया जिसमे वो कह रहे हैं कि इस तरह के दावे गलत हैं और वह अपनी बेटी के लिए न्याय चाहते हैं।
शशि पांजा ने कहा कि हम पीड़िता पैरेंट के दुख की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण और दर्दनाक घटना है। लेकिन इसपर राजनीति नहीं होनी चाहिए। हम अपील करना चाहते हैं कि पैरेंट पर कुछ भी करने के लिए किसी भी तरह का राजनीतिक दबाव नहीं होना चाहिए।
पीड़िता के परिवार ने TMC का दावा किया खारिज
टीएमसी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के एक घंटे के बाद पीडि़ता के परिवार की एक सदस्य ने बंगाली न्यूज चैनल को इंटरव्यू में कहा कि उनसे वह वीडियो जबरन शूट कराया गया था। सच्चाई यह है कि पुलिस ने मामले को निपटाने की कोशिश की और आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को बचाने की कोशिश की।
अमित मालवीय ने मांगा इस्तीफा
भाजपा के आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने भी इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया है। जिसमे पीड़िता के पैरेंट न्यूज चैनल से बात कर रहे हैं। कोलकाता के कमिश्नर विनीत गोयल और उनके अधिकारियों ने ममता बनर्जी के निर्देश पर पीड़िता के परिवार पर दबाव डाला और उनसे जबरन वीडियो शूट कराया।
इसके साथ ही अमित मालवीय ने ममता बनर्जी और विनीत गोयल के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि जबतक दोनों का इस्तीफा नहीं होता है, इस मामले की सही जांच नहीं हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications