'मैं रोती रही, पैर पकड़ती रही, लेकिन नहीं छोड़ा', कोलकाता गैंगरेप पीड़िता की आपबीती, आरोपी करना चाहता था शादी
Kolkata Law student Gang-raped Case: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज की 24 वर्षीय छात्रा के साथ 25 जून को जो हुआ, वह रूह कंपा देने वाला है। पीड़िता के बयान के मुताबिक तीन युवकों ने मिलकर उसके साथ 25 जून की शाम 7:30 बजे से 8:50 बजे के बीच गैंगरेप किया। वजह सिर्फ इतनी थी कि उसने मुख्य आरोपी के शादी के प्रपोजल को ठुकरा दिया था। इस मामले में मुख्य आरोपी मोनोजीत मिश्रा (31), जो कॉलेज का पूर्व छात्र और तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (TMCP) के यूनिट का अध्यक्ष है, उसे गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा सह-आरोपी जैब अहमद (19) और प्रमित मुखर्जी (20) को भी गिरफ्तार किया गया है। इन तीनों आरोपियों को आज 27 जून को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया और 1 जुलाई तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में लिखा है कि मुख्य आरोपी मोनोजीत मिश्रा ने उस पर शादी का दबाव बनाया। लेकिन छात्रा ने यह कहकर प्रस्ताव ठुकरा दिया कि वह पहले से किसी के साथ रिलेशनशिप में है। इसके बाद आरोपी ने धमकी दी कि वह उसके ब्वॉयफ्रेंड (प्रेमी) को नुकसान पहुंचाएगा और उसके माता-पिता को झूठे मामलों में फंसा देगा। फिर उसे कॉलेज के अंदर बंद कर दिया और उसके साथ मारपीट की, जिसमें वो घायल हो गई थी।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में क्या-क्या लिखा?
इंडिया टुडे के मुताबिक पीड़िता ने अपनी शिकायत में लिखा,
''उन्होंने जबरन मेरे साथ संबंध बनाने की कोशिश की। मैंने इनकार किया और उसे कुछ भी करने नहीं दिया और उसे पीछे धकेलते हुए उसका विरोध किया। मैं रोई और उससे विनती करते हुए कहा कि मुझे जाने दो। मैंने उनसे कहा कि मेरा एक ब्वॉयफ्रेंड है और मैं अपने ब्वॉयफ्रेंड से प्यार करती हूँ। लेकिन वे नहीं माने।''
पीड़िता ने बताया,
''मैं मुख्य आरोपी के पैरों में गिर गई और उससे जाने देने की भीख मांगी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मैंने उसके पैर छुए लेकिन उसने मुझे जाने नहीं दिया... वे मुझे फिर से कमरे में ले गए... वे मुझे जबरदस्ती गार्ड रूम में ले गए, मेरे कपड़े उतारे और मेरे साथ बारी-बारी से मेरा बलात्कार किया।"
घटना के दौरान पीड़िता को घबराहट और सांस लेने में तकलीफ हुई। शिकायत में उसने बताया, "मैंने कहा कि मुझे अस्पताल ले चलो, लेकिन उन्होंने मदद नहीं की। गेट बंद कर दिया गया था और गार्ड भी कुछ नहीं कर पाया।"
पीड़िता बोली- 'मुझे सिर्फ इंसाफ चाहिए'
बलात्कार के दौरान आरोपियों ने पीड़िता का वीडियो भी बनाया और धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया, तो ये वीडियो सार्वजनिक कर देंगे।
छात्रा ने कहा कि जब वह किसी तरह कॉलेज से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थी, तो उसे हॉकी स्टिक से मारने की धमकी दी गई। उसने अपनी शिकायत में लिखा, "मुझे सिर्फ इंसाफ चाहिए।''
कोलकाता लॉ स्टूडेंट गैंगरेप केस: कब, कहां और कैसे हुई?
- यह घटना 25 जून को शाम 7:30 बजे से 10:50 बजे के बीच लॉ कॉलेज कैंपस में हुई। पीड़िता उस दिन दोपहर 12 बजे कॉलेज पहुंची थी, जहां वह परीक्षा से संबंधित फॉर्म भरने आई थी।
- शुरुआत में वह कॉलेज यूनियन के कमरे में बैठी थी और तभी मुख्य आरोपी ने गेट बंद करने का आदेश दिया। FIR दर्ज होने के बाद कासबा पुलिस स्टेशन ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
कौन हैं तीनों आरोपी?
- Monojit Mishra: मोनोजीत मिश्रा (31) -कॉलेज का पूर्व छात्र और तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (TMCP) का साउथ कोलकाता जिला महासचिव।
- Zaib Ahmed: जैब अहमद (19) - कॉलेज का प्रथम वर्ष का छात्र।
- Pramit Mukherjee: प्रमित मुखर्जी उर्फ प्रमित मुखोपाध्याय (20) - कॉलेज का वर्तमान छात्र।
पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं, और फॉरेंसिक जांच के लिए घटनास्थल को सुरक्षित किया गया है। मोनोजीत और जैब को 26 जून को सिद्दार्थ शंकर रॉय शिशु उद्यान, तालबगान क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया, जबकि प्रमित को 27 जून की सुबह उसके घर से पकड़ा गया।












Click it and Unblock the Notifications