Kolkata doctor case: आर जी कर मेडिकल कॉलेज मामले में आज आयेगा फैसला, CBI ने आरोपी के लिए मांगी है फांसी की सजा
Kolkata Doctor Case: कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में बहुप्रतीक्षित फैसला आज सुनाया जाएगा। इस मामले ने देशभर में गुस्से और नाराजगी की लहर पैदा की थी, और इसके खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए थे।
सियालदह कोर्ट के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिर्बन दास की अदालत ने इस मामले की सुनवाई 9 जनवरी को पूरी की थी, और अब आज शनिवार को फैसला सुनाया जाएगा।

57 दिन में आएगा फैसला
कोलकाता पुलिस से जुड़े नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को इस अपराध का आरोपी बनाया गया था। आरोप है कि 9 अगस्त 2024 को अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने 10 अगस्त को संजय रॉय को गिरफ्तार किया।
शुरुआत में कोलकाता पुलिस ने जांच की, लेकिन बाद में कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई। सीबीआई ने इस मामले में संजय रॉय के लिए मृत्युदंड की मांग की है। अदालत में मुकदमा शुरू होने के 57 दिन बाद शनिवार को फैसला सुनाया जाएगा।
देशभर में देखी गई नाराजगी
इस जघन्य अपराध के बाद देशभर में गुस्सा और नाराजगी का माहौल बना था। पूरे देश में विरोध प्रदर्शन, मार्च और रैलियां आयोजित की गईं। इस मुद्दे पर राजनीति भी तेज हुई और विपक्षी पार्टियां भाजपा और माकपा ने टीएमसी सरकार को घेरने की कोशिश की। हालांकि, पीड़िता के लिए न्याय की मांग करने वाले गैर-राजनीतिक आंदोलन ज्यादा दिखाई दिए, जिनमें आम नागरिकों ने अहम भूमिका निभाई।
माता-पिता को को है न्याय की उम्मीद
संजय रॉय को दोषी मानते हुए मृत डॉक्टर की मां ने आरोप लगाया कि मामले की जांच आधी-अधूरी की गई है और अन्य अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक उनके परिवार को न्याय नहीं मिलता, वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। मृतका की मां ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन ने जांच के दौरान सबूतों को गायब या नष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि घटना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और इसे मछली बाजार जैसा माहौल बना दिया गया था।
मृत डॉक्टर की मां ने यह भी सवाल उठाया कि उनकी बेटी को क्यों मारा गया और वह कौन सी गोपनीय बातें थीं, जिनका खुलासा होने से उसे मौत का शिकार होना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी बहुत ही प्रतिभाशाली और बुद्धिमान थी, और इस अपराध के बाद उनका जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। वे न्याय पाने के लिए लंबा संघर्ष करने को तैयार हैं
CBI ने मृत्युदंड की मांग की
कोलकाता के एक अस्पताल के सेमिनार हॉल से एक महिला ट्रेनी डॉक्टर का शव बरामद किया गया था। महिला के शरीर पर कई प्रकार के चोटों के निशान मिले थे, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया। शव मिलने के एक दिन बाद, 10 अगस्त को पुलिस ने इस मामले के कथित आरोपी संजय रॉय को गिरफ्तार किया था।
बाद में इस मामले की जांच में हस्तक्षेप करते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट ने मामले को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को ट्रांसफर कर दिया। CBI ने आरोपी संजय रॉय के खिलाफ मृत्युदंड की सजा की मांग की है। मामले में अब अदालत का फैसला आने का इंतजार किया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने लिया था स्वतः संज्ञान
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया था और डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय टास्क फोर्स का गठन किया था। एनटीएफ ने पिछले साल नवंबर में सर्वोच्च न्यायालय में अपनी रिपोर्ट दायर की थी। इस फैसले के बाद, पूरे देश की नजरें अदालत के फैसले पर रहेंगी, और पीड़िता के परिवार सहित समूचे देश को न्याय का इंतजार रहेगा।
यह भी पढ़ें Weather: दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में कोहरे का असर, पहाड़ों पर बारिश की संभावना












Click it and Unblock the Notifications