Kolkata Doctor Case: किस तरह CBI दफ्तर तक भाग कर पहुंचा आरोपी संजॉय रॉय का करीबी, देखिए Video
Kolkata Doctor Rape-Murder Case: कोलकाता में सीबीआई दफ्तर के बाहर मंगलवार को उस समय सनसनी मच गई जब इस मामले में गिरफ्तार आरोपी संजॉय रॉय का एक करीबी दौड़ते हुए वहां पहुंचा और अंदर घुस गया।
कोलकाता के साल्ट लेक स्थित सीबीआई दफ्तर के बाहर मीडिया वालों का जमावड़ा लगा हुआ था। तभी नीली शर्ट पहने एक शख्स को बाहर से उसके परिसर के अंदर दौड़ लगाकर पहुंचते हुए देखा गया।

दौड़ते हुए सीबीआई दफ्तर पहुंचा आरोपी का करीबी
वह व्यक्ति मीडिया वालों के सवालों को टालता रहा और बारिश से भींगे फुटपाथ पर भागता हुआ सीबीआई दफ्तर की ओर चला गया। पूरा वीडियो आप इस लेख के आखिर में देख सकते हैं।
आरोपी की सास ने जतायी वारदात में और लोगों के शामिल होने की आशंका
इससे पहले आरोपी संजॉय रॉय की सास ने आरजी कर मेडकल कॉलेज और अस्पताल में 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के मामले को लेकर आशंका जताई कि इस वारदात में और लोग भी शामिल हो सकते हैं और उनके दामाद ने अकेले इतनी बड़ी घटना को अंजाम नहीं दिया होगा।
अपनी पत्नी का जबरन गर्भपात करवाने का भी आऱोपी पर है आरोप
आरोपी सिविक वॉलेंटियर की सास दुर्गा देवी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया है कि किस तरह से संजय रॉय ने उसकी बेटी की जिंदगी को मुश्किल बना दिया था और उसके साथ हिंसक बर्ताव करता रहा। उसने उसपर बेटी का गर्भपात कराने और उसके साथ हिंसा करने का आरोप लगाते हुए बताया कि इसकी वजह से पुलिस शिकायत तक करनी पड़ी।
उन्होंने बताया, 'शुरू में 6 महीने तक सब ठीक था, लेकिन जब वह तीन महीने की गर्भवती थी, उसने उसका गर्भपात करवा दिया और उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। मेरी बेटी बीमार रही और इलाज का पूरा खर्च मुझे उठाना पड़ा।'
अकेले यह सब नहीं किया होगा- आरोपी की सास
उन्होंने साफ तौर पर कहा है, 'संजॉय सही नहीं था। आपको जैसा भी लगे सजा दें, लेकिन मैं इस घटना के बारे में और बात नहीं करूंगी। उसने अकेले यह सब नहीं किया होगा।'
31 साल की महिला डॉक्टर का शव 9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला था, जहां वह 36 घंटे की लगातार ड्यूटी के बाद तड़के 2 बजे डिनर करके सो गई थी। इस घटना के बाद उस अस्पताल से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन पूरे देश में फैल गया है।
इस मामले की जांच अभी सीबीआई कर रही है और आरोपी उसी की गिरफ्त में है। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस केस में स्वत: संज्ञान लेकर सुनवाई शुरू की है और अस्ताल प्रशासन से लेकर बंगाल सरकार तक के रवैए पर सवाल उठाए हैं। मामले की अगली सुनवाई गुरुवार को होगी।












Click it and Unblock the Notifications