Vijaya Dashami 2024: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की शस्त्र पूजा, कहा- भारत किसी भी स्थिति के लिए तैयार
Vijaya Dashami Rajnath Singh Shastra Puja: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में सुकना कैंट में सेना के जवानों के साथ विजयदशमी मना रहे हैं। विजयदशमी के मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जवानों के साथ किया शस्त्र पूजन किया। उन्होंने सुकना कैंट में जवानों के माथे पर तिलक लगाया।
इस दौरान उन्होंने जवानों से मुलाकात भी की। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "मैं आप सभी को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। भारत एकमात्र ऐसा देश है, जहां शास्त्रों और शस्त्रों दोनों की पूजा की जाती है। इस दौरान राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार है।

उन्होंने आगे कहा कि ऐसा लग सकता है कि लोहे और लकड़ी से बनी चीजों की पूजा करने का क्या औचित्य है? लेकिन वास्तव में, यह हमारी विशाल सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जिसमें हम किसी भी वस्तु का उपयोग करने से पहले और बाद में उसके प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
हमारे दिल में किसी के प्रति कोई दुश्मनी नहीं- सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "हम सभी जानते हैं कि आज का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। जब भगवान राम ने बुराई के रावण पर विजय प्राप्त की - यह मानवता की जीत थी। हमने कभी किसी देश पर हमला नहीं किया, क्योंकि हमारे दिल में किसी के प्रति कोई दुश्मनी नहीं है। हमने युद्ध तभी लड़ा है जब किसी देश ने हमारी अखंडता और संप्रभुता का अनादर किया है, जब किसी देश ने धर्म, सत्य और मानवीय मूल्यों के खिलाफ युद्ध शुरू किया है। शास्त्र की पूजा करना एक प्रतीक है जिसे जरूरत पड़ने पर पूरी ताकत से इस्तेमाल किया जा सकता है।"
शरारत को नजरअंदाज नहीं कर सकते-रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "हम देख सकते हैं कि सीमाओं पर हमारे सशस्त्र बलों की सतर्क उपस्थिति के कारण किसी भी घटना की संभावना नहीं है। लेकिन, जो हालात चल रहे हैं, उसमें हम पड़ोसियों की ओर से किसी भी संभावित शरारत को नजरअंदाज नहीं कर सकते। रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद से मैंने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि वैश्विक परिदृश्य चाहे जो भी हो - तैयारियों में कोई कमी नहीं होनी चाहिए और हम सभी को सभी विकल्पों के साथ हमेशा सक्रिय रूप से तैयार रहना चाहिए। हमें राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति दृढ़ रहना चाहिए, यही हमारी जरूरत है।"












Click it and Unblock the Notifications