ममता के आरोपों पर बोले CRPF के डीजी- राजनीतिक दलों के नहीं, EC के निर्देशों पर काम करते हैं हमारे जवान
ममता बनर्जी के आरोपों पर अब सीआरपीएफ के डीजी कुलदीप सिंह का बयान आया है...
कोलकाता, अप्रैल 12: पश्चिम बंगाल में चौथे चरण के मतदान के दौरान कूच बिहार में हुई फायरिंग की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गर्माई हुई है। शनिवार 10 अप्रैल को हुई वोटिंग के दौरान फायरिंग में 4 लोगों की जान चली गई थी। इस मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी की मुखिया ममता बनर्जी ने केंद्रीय सुरक्षा बलों के ऊपर टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप लगाया है। ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों ने गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर फायरिंग की। अब इस मामले में सीआरपीएफ के डीजी कुलदीप सिंह का बयान सामने आया है।

Recommended Video
सीआरपीएफ के डीजी कुलदीप सिंह ने ममता बनर्जी के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा, 'मैं राजनीतिक दलों के बारे में नहीं जानता। चुनावों में सीएपीएफ केवल चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करती है। इसके लिए मैं गारंटी दे सकता हूं।' आपको बता दें कि कूच बिहार में फायरिंग की घटना के बाद ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ऊपर पश्चिम बंगाल में हिंसा फैलाने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की थी। ममता बनर्जी ने अपने आरोपो में कहा कि केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों ने जिस नृशंस तरीके से चार लोगों की हत्या की है, उसकी जिम्मेदारी लेते हुए गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा दे देना चाहिए।
दहशत का माहौल बनाने के लिए सीआरपीएफ ने फायरिंग की
सिलीगुड़ी में एक रैली के दौरान ममता बनर्जी ने कहा, 'हम लगातार इस बात को बोल रहे थे कि पश्चिम बंगाल में गृह मंत्री केंद्रीय सुरक्षा बलों को प्रभावित कर रहे हैं और हमारा डर सही साबित हुआ। आज मतदान के लिए कतार में लगे चार लोगों की सीआरपीएफ ने हत्या कर दी। वोटरों को इस तरह डराने के लिए अमित शाह क्यों ऐसे निर्देश दे रहे हैं। सीआरपीएफ ने लोगों के बीच दहशत का माहौल बनाने के लिए फायरिंग की। ये एक नरसंहार है। हालात को संभालने के लिए आंसू गैस के गोले क्यों नहीं छोड़े गए। क्या सीआरपीएफ को भीड़ को संभालने की ट्रेनिंग नहीं दी गई है?'












Click it and Unblock the Notifications