हावड़ा में उग्र प्रदर्शनकारियों ने BJP दफ्तर में लगाई आग, भाजपा नेताओं ने ममता बनर्जी से की कड़े एक्शन की मांग
कोलकाता, जून 10। बीजेपी से निष्कासित नूपुर शर्मा के खिलाफ शुक्रवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन हुआ। यह विरोध कहीं शांतिपूर्वक रहा तो कहीं इसका हिंसक रूप देखने को मिला। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में भी प्रदर्शनकारियों ने विरोध का हिंसक तरीका अपनाया और सार्वजनिक संपत्ति को खूब नुकसान पहुंचाया। हावड़ा में प्ररदर्शनकारियों ने सड़क और रेल यातायात को बाधित किया। इतना ही नहीं उलबेरिया इलाके में तो प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी दफ्तर में ही आग लगा दी।

बीजेपी नेताओं ने जारी किए वीडियो
जानकारी के मुताबिक, हिंसक प्रदर्शनकारियों ने पहले तो बीजेपी कार्यालय में तोड़फोड़ की और उसके बाद दफ्तर को आग के हवाले कर दिया। बीजेपी की ओर से इसका एक वीडियो भी जारी किया गया है। कई भाजपा नेताओं ने कार्यलाय के जलते हुए का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है और राज्य सरकार से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
भाजपा नेताओं ने टीएमसी को बताया जिम्मेदारी
बीजेपी के नेता अनिर्बान गांगुली ने वीडियो ट्वीट करते हुए कहा है कि इन दंगाइयों ने हमारी पार्टी के कार्यालय का बुरा हाल किया है, बंगाल की मुख्यमंत्री को इनकी पहचान करके इन्हें गिरफ्तार करना चाहिए। इस घटना पर आखिर ममता बनर्जी चुप क्यों हैं?
बीजेपी के नेता सुवेंदु अधिकारी ने इसी वीडियो को शेयर करते हुए इसका आरोपी टीएमसी पर लगाया है। उन्होंने कहा है कि बीजेपी दफ्तर पर किया गया हमला टीएमसी के गुंडो की एक साजिश है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह हमला प्रायोजित था।
देशभर में हुए प्रदर्शन
आपको बता दें कि नूपुर शर्मा के पैगंबर मोहम्मद को लेकर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ शुक्रवार को देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए। दिल्ली, यूपी, बंगाल, तेलंगाना और राजस्थान में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रदर्शन किया और कहा कि नूपुर शर्मा को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। कई राज्यों में यह प्रदर्शन हिंसक हो गया। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों पर भी हमले हुए। हालांकि कई जगहों पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग का इस्तेमाल किया।












Click it and Unblock the Notifications