गोरखपुर की 'लुटेरी दुल्हन' Varanasi में गिरफ्तार, कई लोगों को बना चुकी है अपना दूल्हा
वाराणसी कैंट जीआरपी पुलिस ने शादी का बहाना बनाकर दूल्हे और उसके परिवार के साथ ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाली लुटेरी दुल्हन और उसकी सहयोगी को गिरफ्तार किया है।

Varanasi जिले के कैंट रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी ने सीधे-साधे लोगों को शादी का झांसा देकर उनके साथ ठगी करने वाली लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है। पिछले दिनों राजस्थान के रहने वाले एक युवक से चंदौली में शादी करने के बाद मरुधर एक्सप्रेस से जयपुर जाते समय दुल्हन और उसके गिरोह के लोगों द्वारा ठगी की गई थी। इस मामले में पुलिस द्वारा आरोपी दुल्हन और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। बताया गया कि लुटेरी दुल्हन द्वारा अब तक कई लोगों को अपना दूल्हा बना कर उनके साथ ठगी की गई।

गोरखपुर की रहने वाली है लुटेरी दुल्हन
पुलिस द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि गोरखपुर की रहने वाली गुड़िया यादव और चंदौली की रहने वाली चंदा तथा रेखा व जितेंद्र और छोटू नामक दो युवक इस ग्रुप में शामिल हैं। यह भी बताया गया कि पिछले दिनों अजमेर, राजस्थान के रहने वाले एक परिवार के साथ गिरोह के लोगों द्वारा शादी करने के बाद ठगी की गई थी। भुक्तभोगी द्वारा बताया गया था कि गिरोह के सदस्य द्वारा एक सुंदर लड़की से शादी करने का आश्वासन दिया गया था और लड़की का फोटो दिखाया गया जिस पर महेश्वरी परिवार शादी करने के लिए तैयार हो गया। उसके बाद चंदौली में गुड़िया यादव की शादी दूल्हे से कराई गई। शादी संपन्न हो जाने के बाद दुल्हन को लेकर दूल्हा और उसके परिवार के लोग मरुधर एक्सप्रेस से जयपुर जा रहे थे। इसी बीच ट्रेन में गिरोह के अन्य सदस्य पहुंचे और दूल्हे तथा उसके परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर जेवर और रुपए लेकर फरार हो गए थे।

नमकीन में खिलाए थे नशीला पदार्थ
पुलिस द्वारा पूछताछ में यह बात सामने आई थी शादी की रस्म संपन्न हो जाने के बाद जयपुर जाते समय दुल्हन का रिश्तेदार बनकर छोटू नामक गिरोह का सदस्य दुल्हन के साथ ट्रेन में सवार हो गया था। ट्रेन जब जौनपुर पहुंची तो उस दौरान नमकीन में नशीला पदार्थ मिलाकर छोटू और गुड़िया यादव ने परिवार के सदस्यों को खिला दिया। जब इन लोगों को पूरा विश्वास हो गया कि दूल्हा व उसके परिवार के लोग अचेत हो गए हैं तो उसके बाद ट्रेन जब कानपुर पहुंची तो गहने और रुपए समेटकर छोटू और गुड़िया यादव ट्रेन से उतर गए। उसके बाद कानपुर से ही ट्रेन पकड़ कर दोनों वाराणसी वापस आ गए और वाराणसी पहुंचने के बाद गोरखपुर जाने की फिराक में थे। इसी बीच इस गिरोह का शिकार हुए परिवार के लोगों को होश आ गया और उन लोगों द्वारा वाराणसी रेलवे स्टेशन पर सूचना दी गई।

गोरखपुर जाते समय किया गया गिरफ्तार
पुलिस द्वारा जारी सूचना में बताया गया कि भुक्तभोगी परिवार द्वारा जब जानकारी मिली। उसके बाद फोटो के आधार पर जीआरपी द्वारा ट्रेन में और रेलवे स्टेशन पर तलाशी की जा रही थी। इसी बीच गुड़िया यादव और उसके सहयोगी वाराणसी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और वाराणसी रेलवे स्टेशन से गोरखपुर जाने की फिराक में थे इसी दौरान जीआरपी द्वारा उनको गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े जाने के बाद गिरोह के लोगों की तलाशी ली गई तो उनके पास से पांच हजार रुपए नगद और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस की पूछताछ में यह भी बात सामने आई थी गुड़िया यादव और उसकी गिरोह के सदस्य अब तक कई अन्य लोगों को भी इसी तरह ठग चुके हैं। इस मामले में जीआरपी द्वारा लुटेरी दुल्हन और उसके सहयोगी को मीडिया के समक्ष पेश करने के बाद न्यायालय में भेजा गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Recommended Video












Click it and Unblock the Notifications