Varanasi News: मदनपुरा स्थित मंदिर में कब मिलेगी पूजा की अनुमति? सनातन रक्षक दल द्वारा किया गया शंखनाद
Varanasi News: मदनपुरा स्थित बंद मंदिर में दर्शन-पूजा शुरू कराने के लिए सनातन रक्षक दल के पदाधिकारी एसीपी से मिले। इस दौरान गोदौलिया चौराहे पर महिलाओं ने शंख बजाकर प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस बारे में मीडिया से बात करते हुए सनातन रक्षक दल के प्रदेश अध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन ने मौखिक अनुमति दे दी थी, लेकिन स्थानीय पुलिस की ओर से लिखित आदेश न मिलने के कारण आज भी पूजा शुरू नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि प्रशासन ने मंदिर खोलने के लिए मौखिक बात कही गई थी लेकिन कोई आधिकारिक आदेश नहीं दिया है, जिसके कारण इतना समय गुजर जाने के बाद भी मंदिर खोलने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा सकी।
ऐसे में सनातन रक्षा दल के सदस्यों ने मंदिर खोलने की मांग को लेकर गोदौलिया चौराहे पर शंख बजाकर प्रशासन को जगाने के लिए सांकेतिक प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से मंदिर में पूजा शुरू कराने की अनुमति देने की अपील की।
यह भी बता दें कि वाराणसी के मदनपुरा इलाके में स्थित गोल चबूतरा के समीप मकान नंबर डी-31/65 के समीप में स्थित मंदिर को लेकर 17 दिसंबर को मामला प्रकाश में आया था। इस दौरान वर्षों से बंद पड़े मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर विरोध जताया गया था।
हिंदू धर्म से जुड़े कुछ संगठन के लोग भी वहां पहुंच गए थे। जानकारी होने के बाद इस मामले में जिला प्रशासन ने मंदिर के स्वामित्व की जांच की थी, जिसमें पाया गया था कि मंदिर सार्वजनिक स्थान है और यहां हिंदू समाज को दर्शन-पूजन का अधिकार है।
इस मामले में मुस्लिम समुदाय द्वारा भी मंदिर खोलने और पूजा करने को लेकर सहमति जताई गई थी। सनातन रक्षक दल के सदस्यों ने बताया कि प्रशासन ने मौखिक रूप से स्वीकार किया है कि स्थानीय लोगों को मंदिर में पूजा करने से कोई आपत्ति नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications