Varanasi News: कांवड़िए की पिटाई से भड़के श्रद्धालुओं ने किया सड़क जाम, पुलिस-प्रशासन ने संभाली स्थिति
Varanasi News: वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र में सावन के तीसरे सोमवार को आस्था की तस्वीर अचानक तनाव में बदल गई। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालु शुभम यादव के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। मारपीट के बाद इलाके का माहौल अचानक बिगड़ गया।
मारपीट की घटना के बाद घायल कांवड़िए को उसके साथियों ने ऑटो से अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायल शुभम का इलाज चल रहा है। वहीं माहौल शांत हो जाने के बाद पुनः मौके पर पहुंचकर हंगामा करने वाले दो लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद तब शुरू हुआ जब कांवड़ियों ने मस्जिद के समीप से गुजरते हुए 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' का नारा लगाना शुरू कर दिया। इससे कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। इसी को लेकर बात इतनी बढ़ गई कि लोगों ने एक कांवड़िए पर हमला कर दिया।
इस घटना के बाद गुस्साए कांवड़ियों ने पंचक्रोशी मार्ग अंडरपास पर जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और भीड़ को शांत करने की कोशिश की लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई। इधर, मारपीट करने के आरोपी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए।
वहीं आक्रोशित भीड़ को काबू में करने में पुलिस अधिकारियों के पसीने छूट गए। हालांकि बाद में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन देने के बाद कांवड़ यात्री शांत हुए। इसी दौरान वहां पर हिंदू धर्म संगठन के कुछ नेता पहुंच गए।
गिरफ्तार करने की उठी मांग
घटना के बाद हिंदू धर्म संगठन के पदाधिकारी राजेश पांडेय और पवन पाठक मौके पर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। आरोप है कि उनके साथ करीब 100 लोग थे जो कांवड़ियों पर हुए हमले के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। सभी लोग घटनास्थल से मुस्लिम मोहल्ले की ओर बढ़ने लगे, जिससे हालात और संवेदनशील हो गए।
पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता रोका लेकिन नेता नहीं माने। डीसीपी आकाश पटेल और एडीसीपी वैभव बांगर ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस ने राजेश पांडेय को हिरासत में ले लिया। वहीं इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
हाई अलर्ट पर प्रशासन, पुलिस बल तैनात
घटना के मद्देनजर जंसा-राजातालाब पंचक्रोशी मार्ग को पूरी तरह सील कर दिया गया है। तीन थानों की फोर्स इलाके में तैनात है और धरना स्थल के पास पूरी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने मारपीट के आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक कोई गिरफ्त में नहीं आया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों पर मारपीट का आरोप है, उनका घर घटनास्थल से 300 मीटर की दूरी पर है। इसलिए क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है।
वहीं इस बारे में गोमती जोन के मीडिया सेल द्वारा सूचना जारी करते हुए बताया गया कि कांवड़ यात्रियों एवं दुकानदार के विवाद में मौके पर स्थिति शांत होने के बाद उक्त व्यक्ति स्वयं को विश्व हिन्दू परिषद का पदाधिकारी बताते हुए अपने सहयोगी के साथ राइफल लेकर एवं स्वयं पिस्तौल लेकर दुकानदार के घर में घुसने का प्रयास कर रहा था। बार बार समझाने पर भी नहीं माना एवं जबरदस्ती करने लगा। जिस पर हल्का बल प्रयोग कर दो लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications