UP Encounter: वाराणसी में लगातार तीसरे दिन मुठभेड़, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में दहशत
UP Encounter: वाराणसी में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। पिछले तीन दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में तीन एनकाउंटर हुए हैं। इन कार्रवाइयों में तीन आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए हैं।
शुक्रवार रात आदमपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। वसंता कॉलेज के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक चेन स्नेचर को गोली लगने के बाद दबोच लिया। आरोपी की पहचान चंदौली निवासी अलगू चौहान के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, अलगू हाल में हुई चेन और मंगलसूत्र छीनने की घटनाओं में शामिल था। जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी।
पकड़े जाने के बाद आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में अलगू ने शहर में करीब पांच चेन स्नेचिंग की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
गुरुवार को छात्रा हत्याकांड में मुठभेड़
इससे पहले गुरुवार को मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की थी। होटल में एमएससी की छात्रा की गला रेतकर हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा।
आरोपी की पहचान साहब बिंद के रूप में हुई, जो गुजरात के सूरत में नौकरी करता था। उसने पूछताछ में बताया कि मृतका अलका बिंद से उसके प्रेम संबंध थे। वह पैसों की मांग को लेकर परेशान था।
साहब ने बताया कि पहले से योजना बनाकर वह सूरत से वाराणसी आया था। होटल में कमरा बुक कर उसने युवती को बुलाया और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए उसने मोबाइल और एडमिट कार्ड भी ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस उसे घटनास्थल पर ले गई, तो उसने मौके पर पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे साहब के दाहिने पैर में चोट लगी।
चितईपुर में पुलिस ने इसे मारी गोली
बुधवार की रात चितईपुर थाना क्षेत्र में भी एक मुठभेड़ हुई थी। प्रज्ञापुरम कॉलोनी स्थित एक कोरियर गोदाम में मंगलवार को पहुंचे एक युवक ने नौकरी मांगने के बहाने वहां मौजूद मैनेजर के ऊपर हमला कर दिया था।
कोरियर कंपनी में मैनेजर विकास तिवारी पर युवक ने अचानक गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली सिर्फ नाक को छूकर निकल गई और विकास बाल-बाल बच गए। युवक मोबाइल लूटकर फरार हो गया।
पुलिस ने गुरुवार को ही आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। युवक की पहचान विनीत तिवारी के रूप में हुई है, जो मिर्जापुर जनपद का रहने वाला है। वह रोजगार की तलाश में वाराणसी आया था।
मुठभेड़ के दौरान विनीत के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ कर रही है।
तीन दिनों में लगातार हुए एनकाउंटर से साफ है कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ अब किसी तरह की नरमी नहीं बरत रही। चेन स्नेचिंग से लेकर हत्या तक, हर मामले में आरोपियों के खिलाफ पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications