NEET परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर वाराणसी में SP नेताओं का प्रदर्शन, सरकार और NTA के खिलाफ की नारेबाजी
NEET Exam: नीट एग्जाम में अनियमितताओं को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा गुरुवार को वाराणसी के वरुणा नदी के किनारे शास्त्री घाट पर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सपा नेताओं द्वारा सरकार और एनटीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा कहा गया कि इस मामले में केंद्र सरकार का रवैया बेहद निंदनीय है। नीट परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में कई राज्यों में गिरफ्तारियां की गई जिससे यह पता चलता है कि इस परीक्षा में बड़ी धांधली हुई है। सपा नेताओं ने कहा कि हम लोग सड़क से संसद तक इसका विरोध जारी रखेंगे।

दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गुरुवार को सपा के वाराणसी जिला अध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सुबह 11:00 बजे वरुणा नदी स्थित शास्त्री घाट पर पहुंचे।
इस दौरान लोगों द्वारा नीट एग्जाम में की गई धांधली को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। चंदौली लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी और पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा कि हजारों विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत पर पानी फेरने के विरोध में हमारे द्वारा धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सबसे पहले लोकसभा में नीट का मुद्दा उठाएगी। उन्होंने कहा कि लाखों छात्र-छात्राएं जो इस परीक्षा की तैयारी के लिए अथक परिश्रम करते हैं, उन सभी छात्रों के सपनों के आगे संकट खड़ा हो गया है।
गुजरात मॉडल नहीं है स्वीकार
सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए इस पूरे मामले में गुजरात कनेक्शन और खुलेआम भ्रष्टाचार का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हम गुजरात मॉडल को भी स्वीकार नहीं करते। प्रधानमंत्री इस मामले पर चुप हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि हम सरकार को मजबूर करेंगे कि वह 34 लाख बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करे और उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली एनटीए के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष लक्कड़ यादव ने भी इस मामले में सरकार के रवैये पर सवाल उठाए।












Click it and Unblock the Notifications