Varanasi Weather: आसमान में बादलों का डेरा, गर्मी से राहत लेकिन उमस से लोग परेशान, बारिश का इंतजार
Varanasi Weather: वाराणसी में बरसात न होने के चलते जहां किसान काफी चिंतित नजर आ रहे हैं वहीं उमस से भी लोग काफी परेशान हैं। गुरुवार को आसमान में बादलों का डेरा दिखाई दे रहा है और गर्मी से लोगों को राहत है लेकिन बावजूद इसके उमस के चलते लोग काफी परेशान हैं।
मौसम विभाग से जुड़े लोगों का कहना है कि 17 अगस्त को वाराणसी में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है और 18 अगस्त को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। यह भी कहा गया कि हल्की बारिश भी हो सकती है जिससे गर्मी से तो राहत मिलेगी लेकिन उमस बरकरार रहेगी।

वहीं, मौसम विभाग की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, 17 से 19 अगस्त तक वाराणसी में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इसके अलावा 20 अगस्त को वाराणसी में मूसलाधार बारिश की भी संभावना है। वाराणसी के लोगों का कहना है कि जब तक मूसलाधार बारिश नहीं होगी, गर्मी और उमस से छुटकारा पाना मुश्किल है। वहीं, सुबह से ही आसमान में बादलों के कारण मौसम काफी सुहावना बना हुआ है और वाराणसी में गंगा नदी के किनारे स्थित घाटों और पर्यटक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग नजर आ रहे हैं।
धान की फसल को हो रहा नुकसान
इधर, बरसात न होने के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में किसान काफी चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि धान की रोपाई की जा चुकी है। अब यदि बरसात नहीं होता है तो खेत में खड़ी धान की फसल सूख जाएगी। किसान राम सजीवन यादव ने बताया कि बरसात ना होने के चलते खेतों में अब दरारें दिखाई दे रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि रात में धान के खेत की सिंचाई हो रही है और सुबह खेत सूख जा रहा है। अगर ऐसी स्थिति रही तो धान की फसल काफी प्रभावित होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय धान की फसल को पानी की बहुत जरूरत है। खासकर रोपाई के समय और धान के पौधे में बाली निकलने के समय अधिक पानी की जरूरत होती है, ऐसे में अगर समय पर बारिश नहीं हुई तो पैदावार प्रभावित होने की पूरी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications