जिन्ना को देश का पहला पीएम बना दिया होता तो बंटवारा न होता, अटल-आडवाणी भी करते थे तारीफ: ओम प्रकाश राजभर
जिन्ना को देश का पहला पीएम बना दिया होता तो बंटवारा न होता, अटल-आडवाणी भी करते थे तारीफ: ओम प्रकाश राजभर
वाराणसी, 10 नवंबर: 2022 में उत्तर प्रदेश के अंदर विधानसभा चुनाव होने है, चुनावों से पहले यूपी में जिन्ना की एंट्री हो चुकी है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जिन्ना के ऊपर दिए बयान के बाद भाजपा, बसपा समेत कई राजनीतिक दल हमलावर है। तो वहीं, अब सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने वाराणसी में जिन्ना पर बयान देकर राजनीति काफी गरमा दी है।
Recommended Video

वाराणसी पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अगर जिन्ना को देश का प्रधानमंत्री बना दिया होता, तो देश का बंटवारा न हुआ होता। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई से लेकर लालकृष्ण आडवाणी तक जिन्ना की तारीफ किया करते थे, इसलिए उनके विचारों को भी पढिए। वो क्यों जिन्ना की तारफी करते थे, उनके विचारों को पढिए। इस दौरान राजभर पत्रकारों पर भड़क गए। उन्होंने कहा कि जिन्ना के अलावा आप लोग महंगाई का सवाल क्यों नहीं पूछते।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से हिंदू-मुसलमान और भारत-पाकिस्तान हटा दीजिए तो उनकी जुबान बंद हो जाती है। राजभर ने कहा कि आप लोग महंगाई के विषय में क्यों नहीं पूछते। पत्रकार आयोग के विषय में क्यों नहीं पूछते। पेट्रोल-डीजल पर दाम कम होने के सवाल पर राजभर ने कहा कि उप-चुनाव में जनता ने भाजपा को हराया है। जिसके बाद दामों में कमी हुई है। कहा कि अगर 50 रुपए पेट्रोल और 40 रुपए डीजल चाहिए तो यूपी की सत्ता से भाजपा को हटाने का काम कीजिए। चुनावों बाद पेट्रोल-डीजल सस्ता हो जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत में ओम प्रकाश राजभर ने सपा के बाद ओवैसी के साथ आने के सवाल पर कहा कि कोशिश हो रही है, जो लोग भारतीय जनता पार्टी को हराना चाहते हैं, वह 100 सीट का सपना छोड़ दें, वह 10 सीट पर लड़ के 10 जीत लें। 100 पर लड़कर एक भी न जीते तो इसका क्या मतलब है। मैं तो कहूंगा कि एक साथ कम सीट पर चुनाव लड़िये, कोई दिक्कत नहीं है। राजभर ने मुख्तार अंसारी के मऊ सदर से चुनाव लड़ने पर सहमति जताते हुए कहा कि वह जहां से चुनाव लड़ना चाहेंगे हम उन्हें लड़ा देंगे। मुख्तार अंसारी मऊ के सदर सीट से पांच बार के विधायक हैं, उन्हें जनता जीत दिलाती है और भाजपा के लोग मदद करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications