Kashi Vishwanath: सावन के सोमवार पर ऑनलाइन कर सकते हैं बाबा का रुद्राभिषेक, चुकाने होंगे सिर्फ इतने रुपए
Kashi Vishwanath: सावन माह में बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए देश के कोने-कोने से काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और कई ऐसे भक्त होते हैं, जो रुद्राभिषेक नहीं कर पाते हैं।
ऐसे में अब श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रबंधन द्वारा सोमवार को भी आनलाइन रुद्रभिषेक करने की व्यवस्था की गई है। अब घर बैठे भक्त ऑनलाइन रुद्राभिषेक कर सकते हैं। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है और सावन के सोमवार के दिन भक्तों को यह सुविधा मिलेगी।

दरअसल, सावन माह में सोमवार को मंदिर में भारी संख्या में पहुंचने वाले भक्तों के चलते बहुत से ऐसे श्रद्धालु होते थे जो रुद्राभिषेक नहीं कर पाते थे। तमाम प्रयास के बावजूद भी असफलता ही हाथ लगती थी और रुद्राभिषेक कराए बगैर उन्हें लौटना पड़ता था।
ऐसे में मंदिर प्रबंधन द्वारा ऑनलाइन रुद्राभिषेक करने पर विचार किया गया। इस बारे में बताते हुए मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ सुनील कुमार वर्मा द्वारा बताया गया कि बीते सोमवार को इसका ट्रायल किया गया था।
उन्होंने यह भी बताया कि मंदिर में ऑनलाइन रुद्राभिषेक कराने की व्यवस्था पहले से ही है। हालांकि पहले यह व्यवस्था सावन के सोमवार के दिन लागू नहीं होती थी, लेकिन इसको पुनः प्रारंभ किया गया है ताकि सोमवार के दिन घर बैठे ऑनलाइन रुद्राभिषेक किया जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार के दिन जो भी भक्त ऑनलाइन रुद्राभिषेक करना चाहते हैं इसके लिए उन्हें 700 रुपए का टिकट लेना पड़ेगा। ऑनलाइन रुद्राभिषेक करने के अलावा ज्योतिर्लिंग के दर्शन और स्वर्ण शिखर के दर्शन भी कराए जाएंगे। यह भी बताया गया कि अगले सोमवार से यह सुविधा प्रारंभ रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications