वाराणसी जेल में कैदी की मौत के बाद बवाल, जमकर हुआ हंगामा-तोड़फोड़
वाराणसी, 25 फरवरी: वाराणसी जिला जेल में बंद एक कैदी की मौत के बाद शुक्रवार को बवाल हो गया। गुस्साए बंदियों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बंदी जेल के अंदर उत्पात मचाते रहे, जबकि बाहर मृतक के परिजन रोते-बिलखते रहे। उन्होंने जेल के मुख्य द्वार पर नारेबाजी की और विरोध जताया। परिजनों का आरोप है कि जेल में हत्या कराई गई है।

छह महीने पहले भेजा गया था जेल
सिगरा थानाक्षेत्र के छोटी गैबी निवासी राजेश जायसवाल (55) को छह महीने पहले धोखाधड़ी सहित कूटरचित मामले में चेतगंज थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर भेज भेजा था। छह महीने से जेल में ही विचाराधीन बंदी राजेश जायसवाल की गुरुवार रात अचानक तबीयत खराब हुई। जेल से एंबुलेंस के जरिए कबीरचौरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती करने की सलाह दी थी, लेकिन राजेश ने भर्ती होने से इनकार कर दिया। इस पर साथ आए बंदी रक्षक उसे वापस लेकर जेल में दाखिल हो गए। शुक्रवार सुबह राजेश की तबीयत फिर बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही राजेश जायसवाल की रास्ते में मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, ऑक्सीजन लेवल कम होने और बीपी बढ़ने के कारण मौत हुई।
बंदियों ने जेल प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप, जमकर किया बवाल
गुस्साए बंदियों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बवाल कर दिया। आक्रोशित बंदियों ने बैरकों और जेल की एंबुलेंस में तोड़फोड़ किया। जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। डीआईजी जेल, एडीएम सिटी, डीसीपी वरुणा ने जेल पहुंचकर घटना की छानबीन की।












Click it and Unblock the Notifications