मुस्लिम युवक से कोर्ट मैरिज करने जा रही थी हिंदू युवती, हिंदूवादी नेता के समझाने पर बदली इरादा
वाराणसी में एक हिंदू युवती मुस्लिम युवक से शादी करने के लिये कोर्ट में अर्जी दी थी‚ हिंदूवादी नेता के समझाने पर बदली इरादा
वाराणसी, 10 जुलाई : वाराणसी में एक मुस्लिम युवक से शादी करने का मन बना चुकी युवती ने एक हिंदूवादी नेता के समझाने पर रविवार को अपना इरादा बदल लिया। युवती का कहना है कि अब वह उस युवक से शादी नहीं करेगी और कोर्ट खुलने के बाद कोर्ट मैरिज के लिए दी गई अर्जी वापस ले लेगी। वहीं उसने अपने परिवार के लोगों को यह भी विश्वास दिलाया है कि परिवार के लोग जहां कहेंगे वहीं पर वह शादी करेगी। इस मामले में युवती को समझाने वाले हिंदूवादी नेता द्वारा वीडियो जारी कर उस युवती को धन्यवाद दिया गया है।

नजदीकियां बढ़ी तो शादी करने का मन बना लिया
बजरडीहा क्षेत्र के रहने वाले एक मुस्लिम युवक से लल्लापुरा की रहने वाली युवती करीब दो साल से प्यार करती थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ने लगी फिर दोनों ने शादी करने का मन बनाया। शादी करने के लिए दोनों ने कोर्ट में अर्जी भी दे दी। कोर्ट में दी गई अर्जी से जुड़े दस्तावेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गये। इस मामले की जानकारी होने पर राष्ट्रीय हिंदू दल के अध्यक्ष रोशन पांडेय ने युवती और उसके भाई से संपर्क किया। पूछताछ में उन्हें यह भी पता चला कि युवती का भाई भी इस शादी के लिए तैयार है और होने वाली कोर्ट मैरिज में वही मुख्य गवाह है।
काफी देर समझाने के बाद मान गयी युवती
रोशन पांडेय ने बताया कि युवती के परिवार के लोगों को इस बारे में समझाने पर वे मान गए। जब युवती से बात किया गया तो उसने बताया कि करीब दो वर्षों से वह उस लड़के से प्यार करती है और उसके बिना नहीं रह सकती है। रोशन पांडेय ने कई घटनाओं के बारे में बताने के साथ ही युवती को समझाया कि यदि तुम दोनों लोग आपस में प्यार करते हो तो फिर वह इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म क्यों नहीं अपना लेता है। युवती ने बताया उसने कहा है कि वह अपना धर्म नहीं छोड़ेगा। करीब 2 घंटे समझाने के बाद युवती ने भी मुस्लिम युवक से विवाह करने का विचार बदल लिया। उसने यह भी विश्वास दिलाया है कि कोर्ट खुलने के बाद वह अर्जी वापस ले लेगी।
ये भी पढ़ें- लखनऊ में खुला उत्तर भारत का सबसे बड़ा मॉल, एक साथ 50000 लोग कर सकते हैं शॉपिंग












Click it and Unblock the Notifications