Ganga Aarti: काशी में 28 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे होगी गंगा आरती, जानें क्यों लिया गया ऐसा फैसला?
Kashi Ganga Aarti: काशी में होने वाली गंगा आरती आगामी 28 अक्टूबर को दोपहर में की जाएगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि 28 अक्टूबर को चंद्र ग्रहण लगेगा और ग्रहण के कारण काशी में होने वाली गंगा आरती के समय में बदलाव किया जाएगा।
पिछले 32 वर्षों में चौथी बार ऐसा होने जा रहा है। 28 अक्टूबर को चंद्र ग्रहण लगने के कारण काशी के दशाश्वमेध घाट पर की जाने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती दोपहर 2 से प्रारंभ होगी और 3 पर संपन्न होगी।

इस बारे में गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र द्वारा बताया गया कि चंद्र ग्रहण लगने पर सूतक काल के कारण शनिवार अर्थात 28 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से आरती प्रारंभ होगी जो तीन से पहले ही संपन्न करा दी जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार ग्रहण लगने से पहले ही मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। ऐसे में यह फैसला लिया गया है कि काशी के दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती के समय में भी बदलाव किया जाएगा।
मालूम हो कि दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती को देखने के लिए हर दिन देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक वाराणसी आते हैं। यदि किसी ने काशी यात्रा के दौरान गंगा आरती नहीं देखी तो यह माना जाता है कि उसने काशी में कुछ नहीं देखा।
इससे पहले तीन बार बदल चुका है समय
इससे पहले वाराणसी में की जाने वाली गंगा आरती के समय में तीन बार बदलाव हो चुका है। पिछली बार 16 जुलाई 2019 को चंद्र ग्रहण के समय गंगा आरती का समय बदल गया था। उसके पहले साल 2018 में 27 जुलाई को और साल 2017 में 8 अगस्त को गंगा आरती का समय चंद्र ग्रहण के चलते बदल गया था।












Click it and Unblock the Notifications