Flight diverted: दृश्यता कम होने से वाराणसी एयरपोर्ट पर नहीं दिख रहा रनवे, आसमान में चक्कर लगा रहे विमान
Varanasi Flight Diverted: वाराणसी में बुधवार सुबह से ही बारिश हो रही है। रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है जबकि कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। घने कोहरे के कारण वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का रनवे भी दिखाई नहीं दे रहा है।
घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने पर बुधवार की सुबह वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आने वाले विमान नहीं उतर सके। विमान काफी देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा लेकिन विजिबिलिटी सामान्य नहीं होने पर विमान को डायवर्ट करना पड़ा।

विमानों के डायवर्जन के कारण वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले हवाई यात्री और आने वाले हवाई यात्रियों के परिवार के सदस्य वाराणसी हवाई अड्डे पर परेशान नजर आ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि विजिबिलिटी 800 मीटर या उससे अधिक होने पर ही विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर उतर सकेंगे।
आधे घंटे तक हवा में लगाते रहे चक्कर
बुधवार को बेंगलुरु एयरपोर्ट से से वाराणसी आने वाला आकासा एयर का विमान QP1421 सुबह 8:25 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद 10:10 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंच गया था। वाराणसी में दृश्यता कम होने के कारण विमान आधे घंटे तक हवा में चक्कर लगाता रहा।
विजिबिलिटी 800 मीटर से कम होने के कारण विमान को वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं दी गई। करीब आधे घंटे तक चक्कर लगाने के बाद ईंधन खत्म होने की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विमान को भुवनेश्वर एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
इसी तरह मुंबई एयरपोर्ट से यात्रियों को लेकर 8:33 बजे उड़ान भरने के बाद इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6E6543 सुबह 10:00 बजे क्षेत्र में पहुंच गया था। यह विमान भी आधे घंटे तक हवा में चक्कर लगाता रहा उसके बाद विमान को दिल्ली एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
इसी तरह हैदराबाद से वाराणसी पहुंच इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6E915 भी हवा में चक्कर लगाता रहा लेकिन उसे भी उतरने की अनुमति नहीं दी गई। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि इस विमान को भी डायवर्ट कर दिया जाएगा।
विमान डायवर्ट होने के चलते वाराणसी एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री परेशान नजर आ रहे हैं। इस बारे में वाराणसी एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता द्वारा बताया गया कि दृश्यता कम होने के चलते दो विमानों को डायवर्ट कर दिया गया है। यदि ऐसी स्थिति रही तो अन्य विमान को भी डाइवर्ट करना पड़ेगा।











Click it and Unblock the Notifications