Exit Poll 2023: एग्जिट पोल का अब नहीं रहा कोई रोल, सपा प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी ने कह दी बड़ी बात
Exit Poll 2023: पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव मतदान को लेकर एग्जिट पोल के नतीजे गुरुवार शाम को जारी हो गए। नतीजे जारी होने के बाद अब लोगों की निगाहें 3 दिसंबर को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हुई हैं। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेता तीन से चार राज्यों में जीत के दावे कर रहे हैं।
फिलहाल एग्जिट पोल के नतीजे जारी होने के बाद यूपी के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी ने वन इंडिया हिंदी से विशेष बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने एग्जिट पोल के नतीजे पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।

इसके साथ ही एग्जिट पोल को लेकर वायरल हुए एक वीडियो के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि वीडियो कितना गलत है कितना सही है तो जांच का विषय है। हालांकि वीडियो से यह स्पष्ट हो रहा है कि एग्जिट पोल में किस तरीके से इधर-उधर से मनगढंत आंकड़े जोड़ दिए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि कई बार एक्जिट पोल गलत साबित हुए हैं। पूर्व में बंगाल में हुए चुनाव में भी एग्जिट पोल गलत साबित हुआ था। अब एग्जिट पोल का बहुत रोल नहीं रह गया है। अब चुनाव मतगणना के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा की सच्चाई क्या है।
वहीं समाजवादी पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मजबूती से चुनाव प्रचार किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस बार परिणाम सकारात्मक रहेंगे। पिछली बार भी हमारी पार्टी काफी अच्छा चुनाव लड़ी थी और कुछ मतों से प्रत्याशी हार गए थे लेकिन इस बार जीत की आशा है।
इंडिया गठबंधन से जुड़ी रहेगी समाजवादी पार्टी
वहीं उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव 2024 को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर तैयारी की जा रही है। बूथ स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं के मजबूती की बदौलत आगामी लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी 80 सीटों पर चुनाव जीतेगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ रहेगी और इंडिया गठबंधन ही चुनाव लड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications