Varanasi Airport पर 15 अगस्त से मिलेगी नई सुविधा, बोर्डिंग पास और आईडी की नहीं होगी आवश्यकता
Varanasi Airport पर 15 अगस्त से डीजी यात्रा की जाएगी प्रारंभ, बीसीएएस के अधिकारियों ने किया निरीक्षण
वाराणसी, 29 जुलाई : Varanasi Airport पर 15 अगस्त से डीजी यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और डीजी यात्रा के बारे में जानकारी लेने के लिये गुरुवार को सायंकाल बीसीएएस के महानिदेशक जुल्फिकार हसन और संयुक्त महानिदेश जयदीप प्रसाद वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा डीजी यात्रा का ट्रायल भी देखा गया और एयरपोर्ट निदेशक सहित स्थानीय अधिकारियों संग बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा भी की गई। बताया जा रहा है कि स्वतंत्रता दिवस पर्व पर डीजी यात्रा का शुभारंभ नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी के अलावा बेंगलुरु एयरपोर्ट पर भी इसी दिन डीजी यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।

तीस-तीस यात्रियों पर किया जा रहा ट्रायल
डीजी यात्रा प्रारंभ किए जाने को लेकर तैयारियां काफी समय से चल रही थी। सितंबर 2021 तक यहां पर सभी मशीनें स्थापित कर ली गई थी उसके बाद से ही डीजी यात्रा को लेकर ट्रायल चल रहा है। प्रतिदिन तीन विमानों के तीस-तीस यात्रियों को इसमें शामिल किया जाता है। यह प्रक्रिया एक अगस्त तक चलेगी जबकि दो अगस्त से सभी विमानों से जाने वाले यात्रियों पर इसका ट्रायल किया जाएगा। जो विमान यात्री इसमें रुचि नहीं लेंगे वह पहले की भांति हवाई यात्रा कर सकते हैं।

डीजी यात्रा से जांच में नहीं लगेगा समय
डीजी यात्रा लागू हो जाने के चलते हवाई यात्रा करने में लोगों को काफी आसानी होगी। इसके लिए यात्री को कंपनी के डेटाबेस में एक बार अपनी जानकारियां फीड करनी पड़ेगी। अपने बारे में जानकारी फीड करने के बाद एक साल तक यात्री डीजी यात्रा का लाभ उठा सकेंगे। साल भर बाद उनको पुनः रजिस्ट्रेशन करना पड़ेगा। जिन यात्रियों का रजिस्ट्रेशन हो जाएगा वह एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद डीजी यात्रा के लिए बनाए गए गेट पर पहुंचेंगे और वहां लगी मशीनों द्वारा उनका चेहरा और फिंगर स्कैन करने के बाद उनको टर्मिनल भवन में प्रवेश मिल जाएगा।

एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
डीजी यात्रा प्रारंभ हो जाने से सीआईएसफ के जवानों को भी काफी राहत मिलेगी। मैनुअल तरीके से या हाथ में लेकर पहचान पत्र जांच नहीं करना पड़ेगा। पहचान पत्र में किसी प्रकार से कूट रचना करने वाले लोगों को टर्मिनल भवन में प्रवेश नहीं मिल पाएगा। ऐसे में वाराणसी एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था भी पहले की अपेक्षा काफी मजबूत हो जाएगी। इस बारे में एयरपोर्ट निदेशक आर्यमा सान्याल ने बताया कि बीसीएएस के महानिदेशक और संयुक्त महानिदेशक वाराणसी एयरपोर्ट डीजी यात्रा के ट्रायल को देखने के साथ ही सराहना भी किया। सुरक्षा बिंदुओं को लेकर चर्चा भी की गई। 15 अगस्त को डीजी यात्रा का उद्घाटन किया जाना है।












Click it and Unblock the Notifications