वाराणसी में 1 लाख का इनामी दीपक वर्मा ढेर, STF ने की कार्रवाई
वाराणसी, 13 सितंबर: एसटीएफ की वाराणसी यूनिट ने सोमवार को एक लाख के इनामी बदमाश दीपक वर्मा उर्फ गुड्डू को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मुठभेड़ वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र के बरियासनपुर गांव में हुई। गुड्डू साल 2015 से फरार चल रहा था। एसटीएफ के मुताबिक, बदमाश दीपक वर्मा पर वाराणसी समेत आसपास के जिलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बदमाश ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में मारा गया
एसटीएफ की टीम को चौबेपुर थाना अंतर्गत बरियासनपुर गांव में दीपक वर्मा की मौजूद होने की सूचना मिली। एसटीएफ की टीम ने घेरेबंदी की तो दीपक और उसके साथी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दीपक ढेर हो गया और उसका साथी भाग निकला। घटनास्थल से भागे हुए दीपक के साथी की तलाश में एसटीएफ कांबिंग कर रही है। लक्सा थाना अंतर्गत नई बस्ती रामापुरा का रहने वाला था दीपक वर्मा।
अलग अलग थानों में दर्ज हैं 23 मुकदमे
बदमाश दीपक वर्मा रईस सिद्दीकी गिरोह से जुड़ा था। वह हथियार चलाने में काफी माहिर भी था। दीपक पर वाराणसी में कई थानों पर कुल 23 मुकदमे दर्ज थे। वह 2015 से फरार चल रहा था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में जुटी थी। आपराधिक इतिहास को देखते हुए एडीजी जोन की ओर से दीपक पर एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications