BHU में छात्र गुटों के बीच झड़प, PM और CM के खिलाफ नारेबाजी का आरोप, पुलिस ने स्थिति को किया नियंत्रित
वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आईआईटी बीएचयू और BHU कैंपस के बंटवारे को लेकर छात्रों के नाराजगी साफ देखी जा रही है। इसको लेकर रविवार को छात्र संगठनों द्वारा आंदोलन किया जा रहा था और आंदोलन के दौरान छात्र संगठन से जुड़े छात्र अपने में ही भिड़ गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और स्थिति को नियंत्रित की। हालांकि इस दौरान गेट पर अफरा तफरी का माहौल देखने को मिला। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिस ने एक रिसर्च स्कॉलर को हिरासत में लिया है। वहीं मामले को लेकर सायं काल तक बीएचयू में धरना प्रदर्शन जारी है।

दरअसल, आईआईटी बीएचयू में बीते एक नवंबर को रात्रि में क्लासमेट के साथ परिसर में भ्रमण कर रही एक छात्रा के साथ तीन मनचलों ने छेड़छाड़ किया था। इस घटना के बाद बीएचयू प्रशासन द्वारा निर्णय लिया गया कि आईआईटी बीएचयू और बीएचयू कैंपस के बीच में बाउंड्री बनाई जाएगी।
बीएचयू प्रशासन द्वारा निर्णय लिए जाने के बाद छात्र संगठन काफी नाराज हैं। इसी के विरोध में रविवार को AISA और BSM द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान विरोध कर रहे लोग प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, कुलपति और चीफ प्रॉक्टर का पुतला फूंकने जा रहे थे।
पुतला फूंकने जा रहे छात्रों को प्रॉक्टोरियल बोर्ड और पुलिस फोर्स द्वारा रोका गया लेकिन वह नारेबाजी करते रहे। आरोप है कि रोके जाने पर छात्र प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तथा संघ के विरोध में नारे लगाने लगे। इसी दौरान एबीवीपी छात्र संगठन से जुड़े छात्र भी वहां पहुंच गए।
उसके बाद एबीवीपी और आइसा व भगत सिंह छात्र मोर्चा के छात्रों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों में गाली गलौज और तीखी नोक झोंक शुरू हो गई। छात्र संगठनों के बीच झड़प होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया।












Click it and Unblock the Notifications