ठगों ने मंत्री की पत्नी को भी नहीं छोड़ा, मैसेज भेज कर बोले 'रात में काट देंगे बिजली कनेक्शन'
वाराणसी में मंत्री रविंद्र जायसवाल की पत्नी को जालसाजों ने भेजा बिजली कनेक्शन काटने वाला मैसेज
वाराणसी, 11 अगस्त: बिजली कनेक्शन काटने के नाम पर की जा रही साइबर ठगी के मामले वाराणसी जिले में बढ़ते जा रहे हैं। साइबर ठगों द्वारा अभी तक आम लोगों को ठगा जा रहा था लेकिन अब मंत्री के परिवार को भी ठगने का प्रयास किया जा रहा है। योगी सरकार के मंत्री की पत्नी की मोबाइल पर रात 9:30 बजे बिजली कनेक्शन काटे जाने का मैसेज आने के बाद महकमे में हड़कंप मच गया।

मोबाइल में ऐप इंस्टॉल करने के लिए बोला गया
दरअसल वाराणसी जिले के रहने वाले स्टांप व न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल की पत्नी मंजू जायसवाल के मोबाइल पर बुधवार को यह मैसेज आया। मैसेज आने के बाद उस नंबर पर संपर्क किया गया तो जालसाज द्वारा एक ऐप इंस्टॉल करने के लिए बोला गया। उसने यह भी कहा कि यदि बिजली बिल नहीं जमा किया जाएगा तो रात 9:30 बजे बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा।

पूछताछ किए जाने पर काट दिया फोन
मंत्री के परिजनों को जब लगा की यह कोई जालसाज है, उसके बाद उससे पूछताछ करने लगे तो जालसाज द्वारा फोन काट दिया गया। उसके बाद लोगों ने कई बार उस नंबर पर फोन मिलाया लेकिन जालसाज द्वारा फोन नहीं उठाया गया। बाद में उसने अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ कर दिया। यदि होशियारी नहीं बरती गई होती तो मंत्री की पत्नी को भी जालसाजों द्वारा ठग लिया गया होता।

अधिशासी अभियंता भी रह गए हैरान
परिजनों ने इसकी जानकारी मंत्री को दी। उसके बाद उन्होंने अधिशासी अभियंता को फोन कर इस मामले के बारे में पूछताछ किया। अधिशासी अभियंता ने कहा कि इस प्रकार का कोई मैसेज बिजली विभाग द्वारा नहीं भेजा जाता है। बिजली कनेक्शन काटने का अल्टीमेटम भी विभाग द्वारा इस तरीके से मैसेज भेजकर नहीं दिया जाता है। ऐसे मैसेज आने के बाद तत्काल पुलिस से शिकायत करें।

चंद मिनट में उड़ा दिए थे 45 हजार
वाराणसी में बिजली कनेक्शन काटने की बात कह कर ठगी करने का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी इस तरह ठगी करने के दर्जनों मामले सामने आ चुके हैं। मंगलवार को शिवपुर बाईपास के रहने वाले विनीत बरनवाल को भी इसी तरह ठग लिया गया। साइबर ठगों द्वारा उन्हें मोबाइल में एनीडेक्स एप इंस्टॉल करवाया गया। ऐप इंस्टॉल करने के चंद मिनट बाद ही उनके खाते से 45 हजार रुपए कट गए।
इसे भी पढ़ें- जहरीली घास खाने से पागल हुई भैंस ने मालिक को उतारा मौत के घाट, चरवाहे भी नहीं बचा पाए जान












Click it and Unblock the Notifications