उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, जानें कब तक मिलेगी गर्मी से राहत, पर्यटकों के लिए भी अच्छी खबर
प्रदेश में मौसम करवट बदलने लगा, 4 मई तक रहेगा असर
देहरादून, 30 अप्रैल। उत्तराखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश में मौसम करवट बदलने लगा है। जिसका असर 4 मई तक नजर आ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिन उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। चारधाम यात्रा पर आने वाले पर्यटकों के लिए ये राहत की खबर है। इसके साथ ही वीकेंड पर भी लोगों को प्रदेश में गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग की मानें तो मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही आगामी तीन और चार मई को पहाड़ों गरज के साथ ओलावृष्टि और मैदानों में अंधड़ को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

अगले तीन दिन पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान
भीषण गर्मी के साथ ही मौसम के बदले मिजाज ने जंगलों की आग से भी फौरी राहत दी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जताया है। इस दौरान मैदानी स्थानों पर तेज हवा चलने की आशंका है। शुक्रवार से प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है, जो कि चार मई तक जारी रहेगा। इस दौरान राज्य के पर्वतीय जिलों में हल्की से हल्की या कहीं हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान बताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जनपदों में आज दोपहर के बाद बादल लगने शुरू हो जाएंगे और कहीं-कहीं पर हल्की बारिश की भी संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। एक व दो मई को भी पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश रहेगी। एक मई को राज्य में एक ओर पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र से प्रभावी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक 30 अप्रैल व एक मई को पर्वतीय जिलों में बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि, बिजली चमकने, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के चलने को लेकर येलो अलर्ट है।












Click it and Unblock the Notifications