Uttarakhand weather: बदलेगा मौसम,बारिश और बर्फबारी के लिए हो जाएं तैयार, बढ़ेगी ठिठुरन, जानिए कब से
Uttarakhand weather: उत्तराखंड में रविवार से मौसम बदलने जा रहा है। आखिरकार बारिश-बर्फबारी का इंतजार खत्म होने जा रहा है। मौसम विभाग ने आठ और नौ दिसंबर को प्रदेशभर में हल्की बारिश और 2500 मीटर से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
प्रदेश में अक्तूबर-नवंबर में बारिश नहीं होने के कारण तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल का कहना है कि आठ व नौ दिसंबर को प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा।

इस से प्रदेशभर में हल्की बारिश व 2500 मीटर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। इसके बाद अगले तीन से चार दिन में तापमान में दो-चार डिग्री की कमी आने से ठंड बढ़ेगी। इसके चलते प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान गिरने से ठिठुरन बढ़ सकती है। बता दें कि आज यानि शनिवार को सुबह से ही धूप के साथ हल्की हवाएं भी चल रही है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि मौसम बिगड़ने का सिलसिला आठ दिसंबर को दोपहर बाद शुरू होगा। तेज गर्जन और हवा चलने के साथ प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 10 दिसंबर के बाद प्रदेशभर में फिर मौसम शुष्क हो जाएगा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के चलते अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी। इसके चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक ठिठुरन बढ़ सकती है।
बता दें कि दो माह से भी ज्यादा का समय हो गया है और बारिश न होने से किसान भी मायूस हैं। इससे आने वाली फसलों के खराब होने का डर है। लेकिन अब मौसम विभाग ने राहत देते हुए बारिश होने की संभावना जताई है।पहाड़ों और टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर व्यवसायी बर्फ गिरने का इंतजार कर रहे हैं। जिससे क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन बेहतर तरीके से मनाया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications