Uttarakhand weather today: सावधान! भारी बारिश का अलर्ट, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम यात्रा पर ब्रेक, जानिए कब तक
Uttarakhand weather today: उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रशासन स्तर पर सभी को अलर्ट किया गया है। चार धाम यात्रा को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। इस बीच आज बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
उत्तराखंड में मानसून पहुंच चुका है। उसका असर भी दिख रहा है। उत्तराखंड के कई इलाकों में बीते कुछ दिनों से बारिश का क्रम जारी है। जगह जगह लैंडस्लाइड होने से मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। यमुनोत्री और केदारनाथ पैदल यात्रा को रोका गया है।

केदारनाथ धाम की यात्रा को कुछ घंटों के लिए रोक दिया गया है। यात्रा मार्ग के मुनकटिया में पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण बोल्डर और मलबा आ रहा है। इस कारण यहां पर आवागमन करना मुश्किल हो गया है। फिलहाल, तीर्थ यात्रियों को कुछ समय के लिए सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है।
यमुनोत्री धाम पैदल यात्रा मार्ग पर नौकैंची के पास हुए भूस्खलन क्षेत्र में मलबा हटाने का काम जारी है। इस बीच प्रशासन की ओर से यमुनोत्री धाम की यात्रा को रोका गया है। यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत पैदल मार्ग के ऊपर रुके हुए पत्थरों को भी हटाया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर यत्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकवा दिया है।
देहरादून में भी आज सुबह से बारिश का मौसम बना हुआ है। हर तरफ काले बादल छाए हुए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान विभाग ने औरेंज वार्निंग जारी करते हुए कहा कि बहुत भारी वर्षा होगी। उत्तराखंड के 11 पहाड़ी जिले काफी संवेदनशील हैं. इनमें गढ़वाल मंडल में उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और देहरादून जिले हैं। कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और नैनीताल जिले हैं। मैदानी जिलों में हरिद्वार और उधम सिंह नगर बारिश के समय बाढ़ और भू कटाव से प्रभावित होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications