Uttarakhand Weather गंगोत्री में माइनस 12 डिग्री तक पहुंचा तापमान, बिना बर्फ के ही पूरी तरह जमे नदी-नाले
Uttarakhand Weather उत्तराखंड में बीते कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। केदारनाथ समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से राहत तो मिली है। लेकिन गंगोत्री धाम में अभी तक बर्फबारी नहीं हुई है। इसके बावजूद बारह माह पानी से सदाबहार रहने वाले छोटी-बड़ी नदियां पूरी तरह जम चुकी हैं।
उन्होंने पाले की मोटी परतों का रूप ले लिया है। दूसरी ओर बर्फ न गिरने के कारण सेब बागवान और अन्य काश्तकार निराश नजर आ रहे हैं। गंगोत्री में इन दिनों तापमान जीरो डिग्री से लेकर माइनस 11 से 12 डिग्री सेल्सियस जा रहा है।

इसके बावजूद वहां पर इन दिनों करीब 25 साधु साधनारत हैं। इसके साथ ही गंगोत्री नेशनल पार्क के छह और पुलिस के दो कर्मचारी सहित गंगोत्री मंदिर समिति के कर्मचारी तैनात हैं। कनखू बैरियर इंचार्ज राजवीर रावत ने बताया कि गंगोत्री धाम में इस सीजन में अभी तक बर्फबारी नहीं हुई है।
लेकिन तापमान में भारी गिरावट आने के कारण गंगोत्री सहित गोमुख ट्रैक के सभी नदी-नाले पूरी तरह जम चुके हैं। पाले की कई इंच मोटी परत के बीच भागीरथी नदी में बहुत कम पानी बह रहा है। साथ ही केदार गंगा, ऋषिकुर नाला, पागल नाला, चीड़बासा नाला भी पूरी तरह जम चुके हैं।
केदारनाथ धाम में बीते दिनों जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने से धाम की पहाड़ियां चांदी सी चमक रही है। धाम में बर्फबारी होने से काफी सुंदर नजारा बना हुआ है। केदारनाथ धाम में दो जनवरी को हुई बर्फबारी से कड़ाके की ठंड पड़ रही है साथ ही पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वहीं केदारनाथ धाम में अभी भी करीब 90 मजदूर पुनर्निर्माण में लगे हुए हैं। लेकिन बर्फबारी और ठंड उनकी परेशानियों को बढ़ा रही है।
पहाड़ों में बर्फबारी और ठंड का मौसम बना हुआ है। तो मैदानों में कोहरे का प्रकोप बना हुआ है। नैनीताल में घने कुहासे एवं शीतलहर की स्थिति बनने से जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में आगामी नौ जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, नैनीताल ललित मोहन रयाल ने कहा कि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद नैनीताल में संचालित समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में 5 जनवरी से 9 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications